जयपुर

Jaipur Airport New Flight: जयपुर से देश के बड़े शहरों तक आसान सफर, 1 जुलाई से शुरू होंगी मुंबई-पुणे समेत 5 नई उड़ानें

Jaipur Airport New Flight: जयपुर एयरपोर्ट से यात्रियों को राहत मिलने वाली है। 1 जुलाई 2025 से फ्लाइट टाइम टेबल में बदलाव और पांच नई उड़ानों की शुरुआत होगी। रनवे मेंटेनेंस के कारण सीमित उड़ानें थीं, अब नोटम अवधि बदलेगी और ज्यादा फ्लाइटें नियमित रूप से चलेंगी।

2 min read
Jun 30, 2025
Jaipur Airport New Flight (Patrika File Photo)

Jaipur Airport New Flight: जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। 1 जुलाई 2025 से यहां फ्लाइटों के टाइम टेबल में बदलाव किया गया है। साथ ही देश के बड़े महानगरों के लिए पांच नई उड़ानों की शुरुआत की जा रही है। इससे जयपुर की एयर कनेक्टिविटी और मजबूत हो जाएगी और यात्रियों को ज्यादा विकल्प और सुविधाजनक टाइमिंग मिलेगी।


दरअसल, पिछले तीन महीने से जयपुर एयरपोर्ट पर रनवे के मेंटेनेंस के चलते दोपहर 9:30 बजे से शाम 6 बजे के बीच सिर्फ दो फ्लाइटें ही उड़ान भर पा रही थीं। इस वजह से यात्रियों को सीमित विकल्प मिल रहे थे। लेकिन अब 1 जुलाई से नोटम (NOTAM) अवधि में भी बदलाव किया गया है, जिससे उड़ानों की संख्या और टाइमिंग बेहतर हो जाएगी।


क्या है नया नोटम शेड्यूल


-1 जुलाई से जयपुर एयरपोर्ट पर NOTAM (यानि उड़ानों के लिए बंद अवधि) दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक रहेगी।
-सुबह 9:30 से दोपहर 2:30 तक नियमित रूप से फ्लाइटें संचालित होंगी।
-शाम 4:30 के बाद देर रात तक भी उड़ानें सामान्य रहेंगी।
-इस बदलाव से एयरपोर्ट पर कुल फ्लाइटों की संख्या बढ़कर 59 हो जाएगी, जिनमें 46 घरेलू और 8 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल होंगी।


इन शहरों के लिए बढ़ेंगी उड़ानें


-मुंबई के लिए अभी 7 फ्लाइटें हैं, 1 जुलाई से इनकी संख्या बढ़कर 9 हो जाएगी।
-दिल्ली और बेंगलुरु के लिए रोजाना 5-5 फ्लाइटें रहेंगी।
-हैदराबाद के लिए रोज 4 फ्लाइटें रहेंगी।
-कोलकाता के लिए अभी 3 उड़ानें हैं, अब 4 हो जाएंगी।
-पुणे के लिए अभी 2 उड़ानें हैं, 1 जुलाई से 3 फ्लाइटें होंगी।
-अहमदाबाद और चंडीगढ़ के लिए 3-3 फ्लाइटें चलेंगी।
-इंदौर के लिए रोज 2 फ्लाइटें संचालित होंगी।
-इसके अलावा देहरादून, लखनऊ, उदयपुर, गोवा, कुल्लू, गाजियाबाद, बेलगाम, बीकानेर, वाराणसी, भुवनेश्वर, गुवाहाटी, चेन्नई और सूरत के लिए भी एक-एक फ्लाइट उपलब्ध रहेगी।


जयपुर से 1 जुलाई से शुरू होने वाली पांच नई उड़ानें


-इंडिगो एयरलाइंस : जयपुर से मुंबई के लिए दोपहर 12:55 बजे फ्लाइट संख्या 6E-2719।
-एयर इंडिया : जयपुर से मुंबई के लिए दोपहर 1:35 बजे फ्लाइट AI-612।
-एयर इंडिया एक्सप्रेस : जयपुर से कोलकाता के लिए सुबह 9:50 बजे फ्लाइट IX-1956।
-जयपुर से पुणे के लिए दोपहर 12:35 बजे फ्लाइट IX-2712।
-इंडिगो एयरलाइंस : जयपुर से सूरत के लिए दोपहर 2:25 बजे फ्लाइट 6E-715।


कनेक्टिविटी में होगा बड़ा सुधार


एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि इन नई फ्लाइटों के जुड़ने से जयपुर की देश के बड़े शहरों से कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी। इससे पर्यटन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। यात्रियों के लिए यह बदलाव खास तौर पर फायदेमंद रहेगा। क्योंकि अब उन्हें फ्लाइट चुनने के ज्यादा विकल्प और बेहतर टाइमिंग मिलेगी।

Published on:
30 Jun 2025 12:32 pm
Also Read
View All

अगली खबर