जयपुर

Jaipur News: दूदू में सरपंच चुनाव के दौरान लाठी-भाटा जंग, पुलिस ने संभाला मोर्चा

जयपुर जिले के दूदू क्षेत्र की मौजमाबाद ग्राम पंचायत में सरपंच और वार्ड पंच चुनाव के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। वोट दिलाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले और पथराव भी हुआ, जिससे कस्बे में अफरा-तफरी मच गई।
2 min read
• •
Updated: 24 Oct 2026, 4:24 PM IST
dudu panchayat chunav
Jaipur: मारपीटे के दौरान की तस्वीर (फोटो-सोशल मीडिया)

जयपुर। जिले के दूदू क्षेत्र की मौजमाबाद ग्राम पंचायत में शनिवार को मतदान के दौरान बवाल हो गया। सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव के बीच दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। बीच सड़क चल रही मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख मौजमाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और मोर्चा संभालते हुए दोनों पक्षों को अलग किया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मौके पर शांति है और दोनों पक्षों से समझाइश की गई है।

जानकारी के अनुसार, मौजमाबाद में सरपंच और वार्ड पंच के लिए मतदान चल रहा था। इसी दौरान दो वार्ड पंच प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच वोट दिलाने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने झगड़े का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के सामने आ गए। इसके बाद लाठी-डंडे चलने और पत्थर फेंके जाने से माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूचना मिलते ही मौजमाबाद पुलिस पहुंची, लोगों को खदेड़ा

घटना की सूचना मिलते ही मौजमाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हस्तक्षेप कर झगड़ा कर रहे लोगों को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद कस्बे में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना देशवाली मोहल्ले में हुई। हालांकि, घटना में कितने लोग घायल हुए हैं, इसको लेकर जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस ने कहा- मौके पर शांति, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

जयपुर ग्रामीण पुलिस के मुताबिक, मौजमाबाद थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझाइश कर दी है। दोनों पक्ष एक ही समुदाय से संबंधित हैं। पुलिस ने बताया कि फिलहाल मौके पर शांति बनी हुई है। मामले में रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जयपुर की 212 ग्राम पंचायतों में चल रहा मतदान

जयपुर जिले में पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत शनिवार सुबह 7 बजे से 212 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान शुरू हुआ। दोपहर 1 बजे तक जिले में 43.84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान शाम 6 बजे तक निर्धारित है। मतदान समाप्त होने के बाद पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना शुरू होगी और देर रात तक परिणाम आने की संभावना है।

इन चुनावों में 212 सरपंच पदों के लिए 1,525 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिले की आठ पंचायत समितियों- गोविंदगढ़, चौमूं, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, झोटवाड़ा, सांभरलेक, दूदू और मौजमाबाद में मतदान कराया जा रहा है। कुल 7,43,640 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।

Updated on:
24 Oct 2026, 4:24 PM IST
Published on:
Also Read
View All
राजस्थान के 11 जिलों में बारिश का अलर्ट, 30-40 kmph की रफ्तार से चलेगी हवा, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

IPS Dinesh MN: ‘एक बार में डोसे की 16 प्लेट’! राजस्थान के IPS दिनेश एमएन ने शेयर की तस्वीरें, जानिए इस ऐतिहासिक रेस्तरां की दिलचस्प कहानी  

AI को दोस्त समझकर पर्सनल बातें शेयर करना पड़ सकता है भारी! साइबर सुरक्षा एजेंसी की बड़ी चेतावनी

राजस्थान के चीफ सेक्रेटरी वी श्रीनिवास ने शेयर की 30 साल पुरानी ब्लैक एन्ड व्हाइट तस्वीर, जानिए क्यों है ये ख़ास?

राजस्थान में ‘विपक्षी’ कांग्रेस नहीं, अब ‘सत्ताधारी’ BJP उतरेगी सड़कों पर, प्रदेशभर में गरमाएगा राजनीतिक पारा, जानिए बड़ी वजह