News Order For LPG User: हालांकि, प्रशासन का दावा है कि राज्य में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है, लेकिन तकनीकी बाधाओं ने सप्लाई चेन को प्रभावित किया है।
Jaipur LPG News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी और जरूरी खबर है। जयपुर के जिला कलेक्टर संदेश नायक ने 'एक घर-एक गैस कनेक्शन' की नीति को कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन के इस नए फैसले के बाद अब उन लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं जिनके पास पाइप वाली गैस (PNG) और सिलेंडर (LPG) दोनों की सुविधा है।
कलेक्टर संदेश नायक ने स्पष्ट किया है कि जिन घरों में पीएनजी (PNG) कनेक्शन लग चुका है, उन्हें अगले तीन महीनों के भीतर अपना एलपीजी सिलेंडर कनेक्शन सरेंडर करना होगा। शुक्रवार को हुई समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने यह निर्देश जारी किए। सरकार की मंशा साफ है कि एक ही घर में दो-दो तरह के गैस कनेक्शनों को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा ताकि संसाधनों का सही वितरण हो सके।
शहर में यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब तेल कंपनियों के सर्वर बार-बार ठप हो रहे हैं। सर्वर में तकनीकी खराबी के कारण उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग, मैसेज फॉरवर्ड होने और बिलिंग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, प्रशासन का दावा है कि राज्य में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है, लेकिन तकनीकी बाधाओं ने सप्लाई चेन को प्रभावित किया है।
कलेक्टर ने गैस कंपनियों को सख्त आदेश दिए हैं कि पीएनजी कनेक्शन देने की प्रक्रिया में किसी भी तरह की कागजी जटिलता (Paperwork Complexity) नहीं होनी चाहिए। कंपनियों के प्रतिनिधि अब खुद घर-घर जाकर लोगों को पीएनजी के फायदे और सुरक्षा के बारे में जागरूक करेंगे।
अगर आपके घर में पीएनजी लाइन आ चुकी है, तो आप अपनी नजदीकी गैस एजेंसी पर जाकर सरेंडर की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। समय रहते ऐसा न करने पर भविष्य में गैस बुकिंग ब्लॉक होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।