जयपुर

Jaipur Metro Phase-2: जयपुर के लिए खुशखबरी, मोदी सरकार ने दी जयपुर मेट्रो फेज-2 को मंजूरी, यहां बनेंगे मेट्रो स्टेशन

Jaipur Metro Phase-2: जयपुर के लिए खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने जयपुर मेट्रो के फेज-2 को मंजूरी दे दी है। यह परियोजना 13,037.66 करोड़ रुपए की लागत से बनाई जाएगी।
2 min read
Apr 08, 2026
jaipur metro
जयपुर मेट्रो के फेज-2 ( फाइल फोटो-पत्रिका)

नई दिल्ली/जयपुर। जयपुर के लिए खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने जयपुर मेट्रो के फेज-2 को मंजूरी दे दी है। यह परियोजना 13,037.66 करोड़ रुपए की लागत से बनाई जाएगी।

केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अश्वनी वैष्णव में बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जयपुर मेट्रो परियोजना के फेज-2 को मंजूरी दे दी है। यह परियोजना शहर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

उन्होंने कहा कि करीब 41 किलोमीटर लंबे इस नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर का निर्माण प्रहलादपुरा से टोडी मोड़ तक किया जाएगा, जिसमें कुल 36 स्टेशन होंगे। इस परियोजना की कुल लागत 13,037.66 करोड़ आंकी गई है। यह केंद्र सरकार और राजस्थान सरकार का संयुक्त उपक्रम है।

फेज-2 से जुड़ेंगे यह प्रमुख क्षेत्र

उन्होंने कहा कि फेज-2 के तहत यह कॉरिडोर सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया, वीकेआईए, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल व स्टेडियम, अंबाबाड़ी और विद्याधर नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ेगा। एयरपोर्ट क्षेत्र में भूमिगत स्टेशन बनाए जाएंगे और इसे मौजूदा फेज-1 से इंटरचेंज और फीडर सेवाओं के माध्यम से जोड़ा जाएगा, जिससे शहर में एकीकृत मेट्रो नेटवर्क तैयार होगा।

वर्तमान में जयपुर मेट्रो फेज-1 पर प्रतिदिन लगभग 60 हजार यात्री सफर करते हैं। फेज-2 शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या में कई गुना वृद्धि होने की उम्मीद है, जिससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और सार्वजनिक परिवहन का दायरा बढ़ेगा।

 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य

इसके सितंबर 2031 तक पूरा होने के लक्ष्य के साथ यह परियोजना शहर में ट्रैफिक जाम को कम करने, प्रदूषण घटाने और यात्रियों को बेहतर सुविधा देने में अहम भूमिका निभाएगी। जयपुर मेट्रो का फेज-2 शहर को आधुनिक और भविष्य के लिए तैयार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यहां बनेंगे मेट्रो स्टेशन

जयपुर मेट्रो फेज-2 के तहत टोडी मोड, हरमाड़ा घाटी, हरमाड़ा, वीकेआई रोड नंबर 14, वीकेआई रोड नंबर 9, वीकेआई रोड नंबर 5, विद्याधर नगर, सेक्टर 2, भवानी निकेतन, अंबाबाड़ी, पानीपेच, कलक्ट्रेट, खासा कोठी सर्कल, गवर्नमेंट हॉस्टल, अशोक मार्ग, एसएमएस हॉस्पिटल, नारायण सिंह सर्कल, रामबाग सर्कल, नेहरू पैलेस, गांधीनगर स्टेशन, गोपालपुरा, दुर्गापुरा, बीटू बायपास चौराहा, पिंजरापोल गौशाला, हल्दीघाटी गेट, कुंभा मार्ग, जीईसीसी, सीतापुरा, गोनेर मोड, बीलवा, बीलवा कलां, सहारा सिटी, प्रहलादपुरा में मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित है। इसके अलावा 2 जगह अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन बनेंगे।

Updated on:
08 Apr 2026 05:44 pm
Published on:
08 Apr 2026 05:24 pm