जयपुर

VIDEO: जयपुर नगर निगम में शुरू हुआ राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत गाने का नवाचार, मेयर बोले- जिसे नहीं गाना वो पाकिस्तान जाए

नगर निगम में सुबह 9.50 बजे राष्ट्रगान और शाम 5.55 बजे राष्ट्रगीत गाने का नवाचार का हुआ आगाज़

2 min read
Oct 31, 2017
ashok lahoty JMC national anthem

जयपुर।
जयपुर नगर निगम के इतिहास में मंगलवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। निगम में सुबह काम शुरू करने से पहले राष्ट्रगान गाया गया। अब इसी तरह से शाम को दफ्तर का समय ख़त्म होने पर राष्ट्रगीत गाया जाएगा। इस पहल को निगम के कर्मचारी-अधिकारियों में राष्ट्रभक्ति का संचार करने की कवायद से शुरू किया गया है। इस मौके पर महापौर अशोक लाहोटी ने कहा कि राष्ट्रगान और वंदेमातरम कर्मचारी व अधिकारियों को सकारात्मक उर्जा मिलेगी। वहीं उन्होंने विपक्ष के आरोपों पर कहा कि जो राष्ट्रगान व वंदेमातरम का विरोध करते है वे पाकिस्तान चले जाएं।

नगर निगम मुख्यालय में अब रोज़ाना सुबह 9 बजकर 50 मिनिट पर राष्ट्रगान और शाम 5 बजकर 55 मिनिट पर वंदेमातरम् गाया जाएगा। कार्मिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना बनाए रखने के लिए निगम प्रशासन ने सोमवार को इस संबंध में बाकायदा एक आदेश जारी कर दिए।

आदेश के मुताबिक़ मुख्यालय सहित सभी जोन कार्यालय में कर्मचारियों और अफसरों को राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत गुनगुनाने होंगे। संभवतया यह पहली बार हो रहा है जब किसी सरकारी एजेंसी में राष्ट्रभक्ति के लिए ऐसा किया जा रहा है।

इस बीच नगर निगम की इस तरह की गतिविधि चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि अभी तक किसी सरकारी कार्यालय में ऐसा नहीं हो रहा है। कर्मचारी समय पर ऑफिस पहुंचे, इसकी सुनिश्चितता के लिए फिर से अफसर भी सक्रीय हो गए हैं। इसके लिए अब हाजिरी मशीन के संचालन में बदलाव किया जा रहा है।

सभी कार्यालयों में स्पीकर
मुख्यालय सहित सभी जोन कार्यालय में स्पीकर लगाए गए हैं। जोन कार्यालय में इसकी पालना सुनिश्चित करने की जिम्मेदार उपायुक्त की होगी। वहीं, निगम मुख्यालय में अतिरिक्त आयुक्त (मुख्यालय) मुख्य भूमिका में होंगे।

कुछ मिनट अब राष्ट्रभक्ति के नाम भी दिए जाएंगे। ऐसी व्यवस्था की गई है कि राष्ट्रगान या राष्ट्रगीत के समय जो कार्मिक जहां हो, वहीं सम्मान में खड़ा हो जाए। जरूरी नहीं कि उसे बाहर आना ही पड़े।
- अशोक लाहोटी, महापौर

Published on:
31 Oct 2017 11:09 am