जयपुर

देशभर में छाया जयपुर नगर निगम में राष्ट्रभक्ति का मामला, 20 नगर निगम भी तैयारी में

50 से ज्यादा निगमों ने किया समर्थन, राष्ट्रगीत के समय निगम के बाहर के लोग भी पहुंचे

2 min read
Nov 01, 2017
jaipur

जयपुर।जयपुर नगर निगम में काम शुरू करने से पहले राष्ट्रगान व ऑफिस से निकलने से पहले राष्ट्रगीत गुनगुनाने के नवाचार का मामला देशभर में चर्चा का केन्द्र बन गया है। जहां प्रदेश भाजपा ने महापौर अशोक लाहोटी के इस कदम को सराहा है, वहीं देश के 50 से ज्यादा नगर निगमों ने भी इसका समर्थन किया है। इसमें से 20 से ज्यादा नगर निगम तो इसे अपने यहां भी शुरू करने जा रहे हैं। इस नवाचार को लेकिर सोश्यल मीडिया से लेकर आमजन में लगातार संवाद चलता रहा। हालांकि, कांग्रेसी पार्षद इसे लगातार राजनीति से जोड़कर देख रहे हैं। जन समर्थन का दावा करते हुए निगम अब इसे सभी आठों जोन कार्यालय, फायर स्टेशनों में भी शुरू करने की तैयारी कर रहा है। संभवतया अगले सप्ताह से वहां भी शुरुआत हो जाएगी।

इन निगमों में भी प्लानिंग
कई नगर निगमों ने इसे शुरू करने की जरूरत मानी है। महापौर अशोक लाहोटी के मुताबिक इलाहबाद, मुंबई, इंदौर, गुवाहाटी, हैदराबाद, भोपाल, मेरठ, अलीगढ़ , दिल्ली उत्तर, जबलपुर सहित अन्य निगमों में जल्द इसकी शुरुआत करने की बात सामने आई है।

बाहर के लोग भी पहुंचे राष्ट्रगीत गुनगुनाने
नगर निगम में ऑफिस के बाहर के लोग भी पहुंच गए और राष्ट्रगीत गुनगुनाया। उन्होंने इसके लिए महापौर को माला भी पहनाई। महापौर ने उनका स्वागत किया और अपील करते हुए कहा कि वे निगम परिसर के पार्किंग एरिया में खड़े होकर राष्ट्रगान व राष्ट्रगीत गा सकते हैं। इसके लिए अलग से स्पीकर की व्यवस्था की जा सकती है। क्योंकि, कार्यालय के भीतर कर्मचारियों को ही अनुमति है।


यूं चला मामला..

- नगर निगम जयपुर में हर दिन सुबह 9.50 बजे राष्ट्रगान और शाम 5.55 बजे राष्ट्रगीत गाने की शुरुआत की गई है। फिलहाल शुरुआत निगम मुख्यालय से हुई है।
- पहले ही दिन राष्ट्रीय स्तर पर इसकी चर्चा होती रही। सोश्यल मीडिया पर भी इस पर खूब बहस हुई।
- कांग्रेस और कुछ मुस्लिम संगठनों ने इसे राजनैतिक स्टंट बताया और इसे कर्मचारियों पर थोपने वाला आदेश बताया।

Published on:
01 Nov 2017 09:28 pm