
Jaipur Nikay Elections : जयपुर में 150 वार्डों में से 145 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं। जयपुर में वार्ड 76 से भाजपा प्रत्याशी को लेकर एक बड़ी गफलत हो गई। जयपुर में भाजपा ने वार्ड 76 में दो प्रत्याशियों को सिंबल दे दिए। पार्टी ने पूर्व डिप्टी मेयर पुनीत कर्णावट को टिकट दिया था। लेकिन मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ ने कुलदीप मिश्रा को पार्टी का अधिकृत सिंबल दे दिया। इसके बाद कुलदीप मिश्रा ने वार्ड 76 से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के तौर पर नॉमिनेशन भर दिया।
इस मामले की जानकारी जब भाजपा प्रदेश नेतृत्व को हुई तो पार्टी स्तर पर तत्काल सक्रियता दिखाई गई। 31 अगस्त की तारीख में नया सिंबल और पावर ऑफ अटॉर्नी पत्र जारी किया गया। इस नए दस्तावेज के आधार पर पार्टी के घोषित प्रत्याशी पुनीत कर्णावट ने अपना नामांकन दाखिल किया। अब जयपुर में वार्ड 76 में भाजपा के दो प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल होने से स्थिति पेचीदा हो गई है। अब यह देखना है कि चुनाव प्रक्रिया में भाजपा का अधिकृत प्रत्याशी किसे माना जाता है?
पूरे घटनाक्रम पर विधायक कालीचरण सराफ ने सफाई देते हुए कहा कि पार्टी ने पहले कुलदीप मिश्रा का नाम तय किया था। बाद में पार्टी ने प्रत्याशी बदलकर पुनीत कर्णावट को टिकट दे दिया। उनका कहना है कि प्रत्याशी बदले जाने से पहले ही उन्होंने कुलदीप मिश्रा को पार्टी का सिंबल दे दिया था।
जयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने जयपुर में अपने पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने नगर निगम जयपुर के 145 वार्डों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। वहीं, 5 वार्डों के नाम अभी विचाराधीन रखे गए हैं। जारी सूची में अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी जगह दी गई है।
पार्टी ने सीएम के ओएसडी आनंद शर्मा की पत्नी प्रतिभा शर्मा को वार्ड नंबर 87 से प्रत्याशी बनाया है। वहीं पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल को वार्ड 110 से टिकट दिया गया है। दूसरी ओर, भाजपा ने युवा चेहरों पर भी भरोसा जताते हुए 23 साल की Gen-Z उम्मीदवार को चुनावी मैदान में उतारा है।
वहीं जयपुर की निवर्तमान मेयर कुसुम यादव को इस बार टिकट नहीं दिया गया है। उनकी जगह पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके सुनील कोठारी को वार्ड नंबर 112 से प्रत्याशी बनाया गया है। टिकटों की इस सूची में पुराने और नए चेहरों का संतुलन नजर आ रहा है। पार्टी के इस फैसले को जयपुर निकाय चुनाव के लिहाज से अहम माना जा रहा है।