जयपुर

Jaipur : सड़क, पानी और रोशनी की आस में जयपुरवासी, अंगुली पर स्याही का दिन तय, अब दो समाधान की तारीख

Jaipur : जयपुरवासियों को सड़क, पानी और रोशनी सहित कई सुविधाओं की सरकार से आस है। शहरवासियों ने अपनी ऐसी ही सैकड़ों समस्याएं पत्रिका से साझा की हैं। इन सभी में एक बात कॉमन है-लोगों ने सिस्टम से कई बार गुहार लगाई, अब वे समाधान की तारीख जानना चाहते हैं।
9 min read
Jaipur residents hope roads water light election day fixed solution dates
Jaipur : जयपुर की एक सड़क का एक दृश्य। फोटो पत्रिका

Jaipur : जयपुर शहर में विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच आमजन की रोजमर्रा की परेशानियां अब भी बरकरार हैं। किसी कॉलोनी में सालभर से रोड लाइट बंद है तो कहीं लोगों को वर्षों से पेयजल कनेक्शन का इंतजार है। सीवरेज और पानी के लिए वर्षों पहले शुल्क जमा कराने के बावजूद इन सुविधाओं के लिए आज तक भटकना पड़ रहा है। कहीं कॉलोनी की सुरक्षा चिंता का प्रमुख कारण है तो कहीं लोगों के जेडीए से जुड़े काम अटके हैं। शहरवासियों ने अपनी ऐसी ही सैकड़ों समस्याएं पत्रिका से साझा की हैं। इन सभी में एक बात कॉमन है- लोगों ने सिस्टम से कई बार गुहार लगाई, अब वे समाधान की तारीख जानना चाहते हैं।

शास्त्री नगर : कचरे के ढेर से दुर्गंधयुक्त माहौल

Jaipur : सेक्टर 5, हाउसिंग बोर्ड। फोटो पत्रिका

भट्टा बस्ती और आस-पास के क्षेत्र के लोग सेक्टर 5 के पास स्थित खाली जमीन पर कचरा डाल देते हैं। कचरे का ढेर लगने से वहां दुर्गंधयुक्त माहौल के कारण लोगों का रहना व गुजरना भी मुश्किल हो जाता है। करीब एक-डेढ़ साल से यहां ऐसे ही हालात हैं। निगम से अपील है कि यहां से कचरा हटवाकर साफ-सफाई कराई जाए। - अनुभव चतुर्वेदी, सेक्टर 5, हाउसिंग बोर्ड

सिविल लाइन : भिखारियों ने जमाया डेरा

Jaipur : सिविल लाइन। फोटो पत्रिका

मुख्य मार्ग पर सुखी जीवन अपार्टमेंट के सामने वाले नाले से कई दिनों से दुर्गंध आ रही है। ऐसे में लोग बदबूदार माहौल में जीने को मजबूर हैं। इसके अलावा बाहर से आए कुछ लोगों व भिखारियों ने भी अपार्टमेंट के बाहर डेरा जमा लिया है। खुले में नॉनवेज पकाने से सुबह-शाम पूरी कॉलोनी में बदबू आती है। इसके अलावा कई निजी बसें व कारें भी देर तक बाहर खड़ी रहती हैं। - एडवोकेट राजेन्द्र मोदी

सड़क नहीं, मानसूनी तालाब

Jaipur : भांकरोटा। फोटो पत्रिका

मानसून से पूर्व इस बार क्षेत्र की नालियां और बड़े नाले साफ नहीं होने से जलभराव की समस्या हो गई है। निकासी की उचित व्यवस्था न होने से दुकान, मकानों के बाहर तीन-चार फीट तक बारिश का पानी भरने से तालाब सी स्थिति हो गई है। क्षेत्र में बीसलपुर की पेयजल पाइपलाइन और बिजली की लाइन डालने के कारण पूरे क्षेत्र की सड़कें खुदी पड़ी हैं। बीते एक साल से सड़कों पर गड्ढे होने के बावजूद उन्हें अभी तक ठीक नहीं किया गया है।

प्रशासनिक लापरवाही

Jaipur : सीताराम शर्मा। फोटो पत्रिका

जलभराव की यह विकट स्थिति प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है। इससे नागरिकों और दुकानदारों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बच्चों-बुजुर्गों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। पैदल चलना तो दूर, दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी इन रास्तों से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। - सीताराम शर्मा नेहरू, भांकरोटा

रामबाग सर्किल : सड़क पर सीवर का पानी दिखा रहा 'विकास’

Jaipur : रामबाग सर्किल। फोटो पत्रिका

शहर के प्रमुख व्यस्ततम चौराहे पर सीवरेज का गंदा पानी बह रहा है। सुबह मंदिर, ऑफिस जाने के लिए इधर से गुजरने वाले लोगों के लिए बड़ी मुश्किल हो गई है। यहां से जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के गुजरने के बाद भी किसी का ध्यान इस ओर नहीं गया है। - जितेंद्र यादव

खुले पड़े बिजली के बॉक्स, खुले तारों में करंट

Jaipur : सांगानेर क्षेत्र। फोटो पत्रिका

सांगानेर. नामदेव चौक, व्यास मोहल्ला व राधावल्लभ मार्ग सहित आस-पास के क्षेत्र में बिजली के बॉक्स खुले पड़े हैं। इनसे निकलने वाले तारों में करंट से बारिश में कभी भी हादसा हो सकता है। बॉक्स के ढक्कन न होने के कारण कर्मचारी खुला ही छोड़कर चले जाते हैं। - जगमोहन शर्मा

गंगापोल रोड : डिस्पेंसरी का फीता काटकर छोड़ दिया

Jaipur : गंगापोल रोड। फोटो पत्रिका

तत्कालीन पार्षद ने प्याऊ और डिस्पेंसरी का फीता काटकर छोड़ दिया गया। डिस्पेंसरी में मेडिकल स्टाफ नहीं होने से स्थानीय लोग सैटेलाइट अस्पताल के लिए जाने को मजबूर हैं। वहीं, डिस्पेंसरी में टाइलिंग, फर्नीचर और बिजली का कार्य भी पूरा नहीं हुआ है। - जुनैद कुरैशी, चार दरवाजा बाहर

सांप निकलने से भय का माहौल

Jaipur : प्रताप नगर, सेक्टर-8। फोटो पत्रिका

खाली पड़ी जगह में पेड़-पौधों से आए दिन मच्छर, सांप और नेवला आदि निकलते रहते हैं। इस कारण रात्रि में लोगों को घर से अकेले निकलने में डर लगता है। सांप-नेवले के आस-पास के घरों में भी घुसने की आशंका रहती है। - अमन जैन, प्रताप नगर,सेक्टर 8

जलभराव की समस्या @ कालवाड़ रोड़

Jaipur : कालवाड़ रोड़। फोटो पत्रिका

क्षेत्र का प्रमुख सर्कल होने के बावजूद यहां लंबे समय से सड़क पर गंदा पानी जमा है। इस कारण राहगीरों को गंदे पानी से होकर ही गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सडक़ पर जमा गंदे पानी से दुर्गंध फैल रही है। इस कारण संक्रामक रोगों की भी आशंका है। क्षेत्र के इस प्रमुख सर्कल की पहचान श्रीराम के नाम से होने के बावजूद ऐसी बदहाल तस्वीर शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।


जर्जर स्कूल भवन में फिर गिरा प्लास्टर, कब रुकेंगे ऐसे हादसे

Jaipur : मुकुट बिहारी शर्मा, जगतपुरा। फोटो पत्रिका

सिरोली, तलाई की ढाणी स्थित राजकीय संस्कृत विद्यालय में जर्जर छत का प्लास्टर गिर गया। भवन की छत लंबे समय से जर्जर होने के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने समय रहते इसे ठीक नहीं कराया। नतीजतन, प्लास्टर और मलबा गिरने से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। वहीं, घटना का पता चलने पर अभिभावक भी स्कूल पहुंच गए और भवन की तत्काल मरम्मत की मांग की। जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। - मुकुट बिहारी शर्मा, जगतपुरा


पब्लिक स्पीक…

सड़क पर एक साल से है अंधेरा, लगे हाईमास्ट लाइट

Jaipur : मनीष कुमार प्रजापत, कमानी चौराहा, झोटवाड़ा। फोटो पत्रिका

झोटवाड़ा मेन चौराहे पर करीब साल भर से रोड लाइट नहीं है। रात को अंधेरा रहता है। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि को भी अवगत करा चुके हैं। निगम की ओर से यहां जल्द से जल्द हाईमास्ट लाइट लगवाई जाए। - मनीष कुमार प्रजापत, कमानी चौराहा, झोटवाड़ा

Jaipur : राजेंद्र कामदार, सेक्टर 7, विद्याधर नगर। फोटो पत्रिका

जेडीए ने ग्रुप हाउसिंग का प्रोजेक्ट डवलप किया था। सीवरेज और पानी की लाइन के लिए जेडीए में डवलपमेंट चार्ज भी करीब 8-10 साल पहले जमा कराया था। अभी तक यह सुविधाएं नहीं मिली। कई जगह शिकायत के बावजूद हालात नहीं सुधरे। - राजेंद्र कामदार, सेक्टर 7, विद्याधर नगर

Jaipur : कैलाश यादव, वैशाली एस्टेट। फोटो पत्रिका

गांधी पथ वेस्ट और वैशाली एस्टेट को जोडऩे वाली वाली मुख्य सडक़ पर बड़ी संख्या में गड्ढों के कारण निकलना मुश्किल हो गया है। इस सड़क पर 300 मीटर के क्षेत्र का बुरा हाल है। संबंधित विभाग की अनदेखी से 10 हजार से अधिक परिवार रोजाना प्रभावित हो रहे हैं। - कैलाश यादव, वैशाली एस्टेट

वर्षों से टूटी पड़ी सड़कें नहीं हुई ठीक

Jaipur : लक्ष्मीकांत शर्मा, रीको कांटा, मानसरोवर, न्यू सांगानेर। फोटो पत्रिका

दोनों ओर अतिक्रमणों की भरमार, आवासीय क्षेत्र में गारमेंट फैक्ट्रियां
यहां सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण की भरमार हैं। इस कारण मुख्य सड़क की चौड़ाई घटकर आधी ही रह गई है। आवासीय इलाकों में गारमेंट फैक्ट्रियां चल रही हैं। यहां स्टाफ और भारी वाहनों की आवाजाही से कॉलोनी वासियों का दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहा है। नगर निगम व जेडीए ने इलाके में वर्षों से टूटी पड़ी सड़कों को भी ठीक नहीं करवाया है। - लक्ष्मीकांत शर्मा, रीको कांटा, मानसरोवर, न्यू सांगानेर .

ओपीडी में आने वाले रोगी घटे

Jaipur : आसिफ अली, रामगंज बाजार। फोटो पत्रिका

सैटेलाइट अस्पताल में होती हैं कुछ जांचें, मरीज कर रहे रेफर
सैटेलाइट अस्पताल में नाममात्र की जांचें ही होती हैं। यहां सोनोग्राफी जैसी जांच की सुविधा भी नहीं है। कुछ दिन पहले यहां से शिशु रोग व हृदय रोग सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों को किशनपोल सैटेलाइट अस्पताल भेज दिया गया। अब डॉक्टर नहीं होने की जानकारी मिलने पर मरीज लौट जाते हैं। दो माह पहले तक यहां ओपीडी करीब 1200 (प्रतिदिन) थी। अब इसमें काफी गिरावट आई है। - आसिफ अली, रामगंज बाजार

पत्रिका मोहल्ला मीटिंग@सुमेर नगर, सांगानेर जोन

Jaipur : सुमेर नगर, सांगानेर जोन। फोटो पत्रिका

सुरक्षा, पार्कों की बदहाली प्रमुख मुद्दा

जयपुर. पार्कों के गेट लंबे समय से टूटे पड़े हैं। नियमित सफाई नहीं होने से वहां असामाजिक तत्वों का भी जमावड़ा रहता है। पार्कों में पशुओं के बैठे रहने से महिलाओं, बच्चों-बुजुर्गों का वहां जाना मुश्किल हो गया है। लगातार चोरी की घटनाओं से सुरक्षित रहना मुश्किल हो गया है। सांगानेर क्षेत्र के सुमेर नगर में आयोजित पत्रिका मोहल्ला मीटिंग में पार्कों की बदहाली और सुरक्षा का मुद्दा छाया रहा।

लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। वहीं, करीब दो वर्ष पहले सीवरेज लाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदी गई थीं। समुचित रखरखाव और मरम्मत नहीं होने से सड़कें जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। लोगों ने जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।

सुमेर सिंह के नाम पर हो जोन-19
कॉलोनीवासियों ने सुझाव दिया कि शहीद सुमेर सिंह शेखावत के नाम पर बसी कॉलोनी की पहचान को सम्मान देने के लिए जोन-19 का नाम शहीद सुमेर सिंह शेखावत के नाम पर रखा जाए तथा उनकी प्रतिमा स्थापित हो। इससे युवाओं को शहीद के जीवन से प्रेरणा मिलेगी।

जल्द हो कार्रवाई
अभिनव जोशी, अशोक जैन, बदन सिंह, प्रेमनारायण शर्मा, डॉ. सी.पी. गुप्ता एवं जितेंद्र सिंह शेखावत सहित अन्य लोगों ने संबंधित विभागों से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। साथ ही क्षेत्र के विकास और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर जल्द ठोस कार्रवाई करने को कहा।

पत्रिका मोहल्ला मीटिंग @ पार्श्वनाथ नगर, एयरपोर्ट

Jaipur : पार्श्वनाथ नगर, एयरपोर्ट। फोटो पत्रिका

सड़क के बीच में पोल से हो रहे हादसे

जयपुर. 'क्षेत्र में सीवर लाइन के छोटे-बड़े चैंबर कई जगह खुले हैं अथवा क्षतिग्रस्त स्थिति में हैं, जिसके चलते आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई स्थानों पर बिजली के पोल रास्ते के बीच में आ रहे हैं जिससे आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। इन समस्याओं के कारण कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं और लोगों को चोट लगने के साथ फ्रैक्चर तक की स्थिति सामने आ चुकी है।’ एयरपोर्ट के पास स्थित पार्श्वनाथ नगर में आयोजित मोहल्ला मीटिंग में क्षेत्र के लोगों का यह दर्द निकलकर सामने आया। सीताराम मीणा,परशुराम चौधरी व ललित शर्मा सहित अन्य स्थानीय लोगों ने भी सीवर पेयजल किल्लत के कारण टैंकर मंगवाने, चैंबरों की मरम्मत और नियमित निगरानी सहित क्षेत्र की अन्य समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

पानी का प्रेशर कम

प्रदीप निमावत, गोपाल शर्मा और अरविंद जैन सहित अन्य लोगों ने बताया कि क्षेत्र में पानी कम प्रेशर से आता है। पानी की सप्लाई का समय भी पर्याप्त नहीं रहता। जगह-जगह सड़क पर गड्ढों में बारिश के दौरान पानी भर जाता है। सड़क की मरम्मत के साथ ही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

जनता की आवाज

Jaipur : सीमा टेलर, जगतपुरा। फोटो पत्रिका


बरसों बाद भी पेयजल कनेक्शन का इंतजार, मंगवा रहे टैंकर

इंद्र विहार व आस-पास की कॉलोनियों में पेयजल के कनेक्शन कई वर्षों से नहीं है। बसावट के 12-15 साल बाद जेडीए अप्रूव्ड इन कॉलोनियों में जलदाय विभाग की ओर से कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। जुलाई-अगस्त में संपर्क पोर्टल पर शिकायत करने पर जगतपुरा निगम वालों ने प्रताप नगर क्षेत्र बताया और प्रताप नगर निगम जोन ने जगतपुरा क्षेत्र बताकर टाल दिया। बाद में शिकायत के निस्तारण का मैसेज मिला। मजबूरी में 300-350 रुपए में टैंकर मंगवाना पड़ रहा है। - सीमा टेलर, जगतपुरा, वार्ड 63, इंद्र विहार, आबकारी थाने के पीछे

Jaipur : लक्ष्य रजवानिया, अंबाबाड़ी। फोटो पत्रिका

सार्वजनिक शौचालयों की कमी, फॉगिंग न होने से बढ़ रहे मच्छर
शहर में कई जगह फुटपाथ और पार्कों की स्थिति बदहाल है। कई जगह फुटपाथ टूटे पड़े हैं और पार्कों में नियमित साफ-सफाई नहीं हो रही है। सार्वजनिक शौचालयों की पर्याप्त संख्या नहीं होने से खासकर बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। बारिश के सीजन में नियमित फॉगिंग न होने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। - लक्ष्य रजवानिया, अंबाबाड़ी


क्या आपके मोहल्ले में भी कोई मुद्दा है?

यदि हां तो व्हाट्स ऐप नं. 9057531314 व Jaipur@in.patrika.com पर समस्या मेल करें। अगली मीटिंग आपके यहां होगी। आपकी बात जिम्मेदारों तक पहुंचाएंगे।

सिटी हेल्पलाइन

जयपुर कमिश्नरेट
एडिशनल पुलिस कमिश्नर
+91-98282-31314
डीसीपी ट्रैफिक
+91-98292-51535
साइबर थाना
साइबर थाना अधिकारी
0141-2360094,
+91- 94142-25273

डीसीपी ईस्ट
8764866905
डीसीपी वेस्ट
8764866906
डीसीपी साउथ
8764866907
डीसीपी नॉर्थ
8764866908

राजस्थान संपर्क

9461067924 (व्हाट्सएप)
181 (हेल्पलाइन नंबर)

कलक्ट्रेट
0141-2204476 कंट्रोल रूम 100
जेडीए
0141-2565800, 2575252, 25755151
नगर निगम कॉल सेंटर
0141-2747400
0141-2742900
फायर ब्रिगेड 101
जयपुर डिस्कॉम
18001806507
बिजली संबंधित शिकायत
9414037085
जलदाय विभाग
01412706624
वुमन हैल्पलाइन न΄बर
1090
बालश्रम या बाल अपराध
1098
मौसम केंद्र
0141-2790194
मौसम केंद्र एयरपोर्ट
0141-2725326

QR कोड स्कैन करें।
Published on:
24 Aug 2026 06:00 am