जयपुर

जयपुर की मेहमाननवाजी पर दाग लगा रहे ‘सेल्फी बाज’, विदेशी पर्यटकों से बदसलूकी बनी चुनौती

Jaipur Tourist Safety Issue: राजस्थान की पहचान दुनियाभर में अपनी संस्कृति, किलों और मेहमाननवाजी के लिए है, लेकिन वर्ष 2026 में विदेशी महिला पर्यटकों से छेड़छाड़ की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने इस छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

2 min read
Apr 09, 2026
प्रतीकात्मक तस्वीर, मेटा एआइ

Jaipur Tourist Safety Issue: राजस्थान की पहचान दुनियाभर में अपनी संस्कृति, किलों और मेहमाननवाजी के लिए है, लेकिन वर्ष 2026 में विदेशी महिला पर्यटकों से छेड़छाड़ की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने इस छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी जयपुर में महिलाओं की सुरक्षा के लिए गठित कालिका-निर्भया स्क्वॉड की महिला जवान भी नजर नहीं आती हैं। इसके चलते पर्यटक स्थलों पर मनचलों की मनमर्जी बढ़ती जा रही है।

इन घटनाओं में एक समानता साफ दिखती है- भीड़ बनाकर घेरना, सेल्फी के बहाने नजदीक आना और फिर अभद्रता करना। यह ट्रेंड पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के लिए नई चुनौती बनता जा रहा है। हालांकि जयपुर पुलिस ने शहर में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर इसी माह पिंक गार्ड ऐप शुरू करने की बात कही है, जिस पर शिकायत मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर कर कार्रवाई करेगी।

ये भी पढ़ें

डीडी राजस्थान: गुलाब कोठारी के विशेष साक्षात्कार का सीधा प्रसारण आज

इस वर्ष सामने आए प्रमुख मामले

केस 1: आमेर-जयगढ़ किला (अप्रेल 2026): एक जापानी महिला पर्यटक को सुनसान रास्ते में चार-पांच युवकों ने घेर लिया। आरोप है कि अभद्र हरकतें करते हुए किस करने की कोशिश की गई। घटना के बाद मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

केस 2: जलमहल (मार्च 2026): विदेशी महिला पर्यटक को युवकों ने सेल्फी के बहाने घेर लिया। इस दौरान गलत तरीके से छूने और अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिससे व्यापक आक्रोश फैला।

केस 3: ऑटो चालक की हरकत (मार्च 2026): एक ऑटो ड्राइवर ने हिंदी सिखाने के नाम पर विदेशी महिला से आपत्तिजनक शब्द बुलवाए। मामला सामने आने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

केस 4: भीड़ में असुरक्षा की शिकायतें: कई विदेशी महिलाओं ने सोशल मीडिया पर अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें भीड़ में घेर लिया जाता है और बिना अनुमति छूने या जबरन सेल्फी लेने की कोशिश की जाती है।

पिंक गार्ड ऐप होगा मददगार

पर्यटकों की सुरक्षा के निर्देश दिए गए हैं। महिला जवान भी संदिग्धों पर नजर रख कार्रवाई करती हैं। इसी माह पिंक गार्ड ऐप शुरू हो जाएगा, जिस पर पर्यटक की शिकायत मिलते ही पुलिस मौके पर तुरंत पहुंचेगी। इसके अलावा ऐप में पर्यटक स्थलों की जानकारी होगी, जहां भीड़ होगी वहां रेड जोन नजर आएगा, जहां भीड़ कम होगी वहां ग्रीन जोन नजर आएगा। नजदीकी अस्पताल व थानों की भी जानकारी उपलब्ध रहेगी।
- ओम प्रकाश, स्पेशल पुलिस कमिश्नर

ये भी पढ़ें

Jaipur: विदेशी महिला पर्यटक बोली, सामान्य मजाक को गलत तरीके से ​पेश किया, FIR से इनकार

Also Read
View All