
आरोपी ऑटो चालक, पत्रिका फोटो
Jaipur Viral Video Case: जयपुर में विदेशी महिला पर्यटक से जुड़े वायरल वीडियो मामले ने नया मोड़ ले लिया है। वीडियो सामने आने के बाद जहां जयपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक मोहम्मद सोहेल को गिरफ्तार किया था, वहीं अब विदेशी महिला ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पर्यटन थाना पुलिस ने सूरजपोल निवासी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पर्यटकों के उत्पीड़न और अभद्रता की धाराओं में मामला दर्ज किया था।
जांच के दौरान जब पुलिस ने विदेशी महिला से औपचारिक शिकायत दर्ज करवाने को कहा, तो उसने साफ मना कर दिया। महिला का कहना था कि वह यह सब अपनी मर्जी से कर रही थी और उसे यह सामान्य बातचीत का हिस्सा लगा।
पुलिस के अनुसार घटना करीब 10 दिन पुरानी है। महिला चारदीवारी इलाके में ऑटोरिक्शा से घूम रही थी, तभी चालक ने उसे कथित रूप से आपत्तिजनक शब्द सिखाए और पूरा घटनाक्रम खुद ही रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए सोहेल को गिरफ्तार कर लिया था।
महिला ने भारत से लौटने के बाद जर्मनी से सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर पुलिस कार्रवाई को गलत बताया। उसने कहा कि एक अन्य घटना में, जब एक व्यक्ति ने मंदिर में उसे परेशान किया था, तब उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। महिला के अनुसार, ऑटो चालक के साथ बनाया गया वीडियो सामान्य मजाक था, लेकिन इसे गलत तरीके से पेश किया गया।
उसने यह भी कहा कि इस कार्रवाई के कारण उसका दोस्त चालक अपने परिवार के साथ ईद भी नहीं मना सका और उसे अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ा। महिला ने नाराजगी जताई कि उसके साथ हुई अन्य असहज घटनाओं पर ध्यान नहीं दिया गया, जबकि इस वीडियो पर तुरंत कार्रवाई कर दी गई।
जयपुर शहर में भ्रमण के लिए आए विदेशी पर्यटकों के साथ अभद्रता और ठगी के बढ़ते मामलों से शहर की छवि को नुकसान हो रहा है। हालांकि सरकार ने पर्यटकों की सुरक्षा के लिए अलग से पर्यटन थाना बनाया उसके बावजूद ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई नहीं हो रही है। देशी विदेशी पर्यटकों के साथ पर्यटन स्थलों के आसपास लपकों और भिखारियों की संख्या बेतहाशा रूप से बढ़ रही है। जिससे पर्यटकों के साथ जोखिम भी बढ़ने लगा है।
Published on:
09 Apr 2026 07:26 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
