जयपुर

Jaipur: ड्राइविंग स्कूल की आड़ में ज्वैलर से 30 लाख के जेवर लूटने की साजिश बेनकाब , बाल अपचारी से कराई थी रैकी

Jeweller loot Jaipur: जयपुर शहर के प्रताप नगर इलाके में एक सप्ताह पहले हुई ज्वैलर से लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया। दो लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 300 ग्राम चांदी और 8 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए गए। मामले में दो अन्य लुटेरों की तलाश जारी है।
2 min read
Feb 23, 2026
प्रताप नगर में ज्वैलर से लूट के मामले में 2 आरोपी अरेस्ट, पत्रिका फोटो
प्रताप नगर में ज्वैलर से लूट के मामले में 2 आरोपी अरेस्ट, पत्रिका फोटो

Jeweller loot Jaipur: जयपुर शहर के प्रताप नगर इलाके में एक सप्ताह पहले हुई ज्वैलर से लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया। दो लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 300 ग्राम चांदी और 8 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए गए। मामले में दो अन्य लुटेरों की तलाश जारी है। पुलिस हंसराज बैरवा और राज सीकरवार की तलाश में दबिश दे रही है। राज सीकरवार मूलतः मुरैना (मध्यप्रदेश) का रहने वाला है और फिलहाल प्रताप नगर में कार ड्राइविंग स्कूल चलाता है।

डीसीपी (पूर्व) संजीव नैन ने बताया कि लूट के मुख्य आरोपी कौशल श्रीमाल (24) निवासी सेक्टर-8 प्रताप नगर और समीर खान (20) निवासी श्रीराम की नांगल शिवदासपुरा को बालू भट्टी पार्क इंडिया गेट क्षेत्र से डिटेन किया गया। पूछताछ में सामने आया कि वारदात की साजिश हंसराज बैरवा उर्फ हंसू और राज सीकरवार ने रची थी। दोनों पूर्व में भी लूट के मामलों में चालानशुदा हैं।

64 ग्राम सोना, 8 किलो चांदी लूटी थी

पुलिस ने बताया कि 14 फरवरी रात करीब 8 बजे श्योपुर प्रताप नगर निवासी रामनिवास सोनी श्रीराम की नांगल स्थित अपनी दुकान गणपति ज्वैलर्स बंद करके घर लौट रहे थे। अजय पार्क सामुदायिक केंद्र के पास कार सवार तीन लुटेरों ने उनकी गाड़ी के आगे अपनी कार लगाकर रास्ता रोक लिया।

लुटेरों ने कार के कांच तोड़ दिए, रामनिवास को बाहर निकालकर मारपीट की और चाबी छीन ली। इसके बाद कार की डिग्गी में रखे 64 ग्राम सोने के जेवर और 8 किलो चांदी की ज्वैलरी लेकर भाग गए। पुलिस का मानना है कि करीब 30 लाख रुपए का माल लूटा गया था।

वीडियो से सामने आई थी हकीकत

एसीपी (सांगानेर) हरिशंकर शर्मा ने बताया कि वारदात के दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया था। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। दुकान से लेकर वारदात स्थल तक का रूट चार्ट बनाकर संदिग्धों की पहचान की गई। पीड़ित की रैकी करने वाले एक बाल अपचारी को वाटिका रोड से निरुद्ध कर पूछताछ की गई, जिसके आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।

Updated on:
23 Feb 2026 11:06 pm
Published on:
23 Feb 2026 11:06 pm