
Jaipur : कोटा से स्मैक लेकर दौसा में सप्लाई करने पहुंचे अंतरराज्यीय नशा तस्करों को जयपुर रेंज आईजी की साइबर सेल की मदद से दौसा में दबोच लिया। ‘ऑपरेशन एंटी वेनम’ के तहत तस्करों से दौसा की सदर थाना पुलिस ने 293.5 ग्राम स्मैक बरामद की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 1.50 करोड़ रुपए बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की स्कॉर्पियो भी जब्त की है। छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि स्मैक की खेप लेने पहुंचे दौसा के तीन स्थानीय तस्कर पुलिस को देखकर भाग निकले।
जयपुर रेंज साइबर सेल को मुखबिर और पहले पकड़े गए छोटे तस्करों से सूचना मिली थी कि कोटा के अहसान और शोएल अली जयपुर, दौसा, अजमेर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर व इनके आस-पास के जिलों में अपने रखे गुर्गे छोड़ रखे हैं, जिन्हें भारी मात्रा में स्मैक सप्लाई करते हैं। फिर गुर्गे स्थानीय छोटे तस्करों को सप्लाई करते हैं, जो स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों व अन्य लोगों को छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर स्मैक सप्लाई करते हैं। साइबर सेल के प्रभारी रतन दीप के नेतृत्व में टीम को आरोपी अहसान के दौसा के सिकंदरा क्षेत्र में स्मैक की खेप पहुंचाने की सूचना मिली।
वहीं दौसा में लक्ष्मण सैनी, केदार सैनी और दिनेश सैनी भांडारेज पुलिया दौसा के पास स्मैक लेने के लिए इंतजार कर रहे थे और आरोपी लगातार अहसान के संपर्क में थे। सूचना के आधार पर टीमों ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भांडारेज के निकट कार्रवाई की। पुलिस को देखकर स्थानीय तस्कर भाग गए, जिनकी तलाश की जा रही है। जयपुर रेंज की टीम जुलाई से इस गिरोह पर नजर रख रही थी।
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि अहसान इस नेटवर्क का मुख्य सरगना है। वह अपने साथियों के जरिए कई जिलों में स्मैक की सप्लाई करता था। अहसान की पत्नी शिवानी कंवर संचार माध्यमों के जरिए दौसा व अन्य तस्करों से स्मैक की डील तय करती थी और लेन-देन का हिसाब भी रखती थी। शिवानी सौदा तय करती, तब अहसान और शोएल खेप पहुंचाने जाते थे।
कोटा में नेहरू कॉलोनी निवासी अहसान, संजय गांधी नगर निवासी शोएल अली, शाहनवाज खान, मुकीम, चन्द्रघाट निवासी शाहरूख और मोहम्मद शोयल को गिरफ्तार किया।
कोटा के पकड़े गए तस्करों के पीछे और कौन से बड़े तस्कर हैं। इस संबंध में गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है। फरार तस्करों के संबंध में पुलिस टीम उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है।
राहुल प्रकाश, आईजी, जयपुर रेंज