– आज तड़के कई जिलों व कस्बों में हुई बारिश जयपुर। पूरे प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। राजधानी जयपुर में भी देर रात से अलसुबह तक बारिश हुई। इससे कई जगह पानी भर गया। वहीं पूरे प्रदेश की बात करें तो अलसुबह तीन बजे से ही कई स्थानों पर जमकर मानसूनी बारिश […]
- आज तड़के कई जिलों व कस्बों में हुई बारिश
जयपुर। पूरे प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। राजधानी जयपुर में भी देर रात से अलसुबह तक बारिश हुई। इससे कई जगह पानी भर गया। वहीं पूरे प्रदेश की बात करें तो अलसुबह तीन बजे से ही कई स्थानों पर जमकर मानसूनी बारिश हुई। इससे मौसम खुशनुमा हो गया। प्रदेश के बूंदी, नैनवां, टोंक के राजमहल, बड़गांव व अरवड़ क्षेत्र में मानसूनी मेघ जमकर बरसे। मौसम विभाग ने बताया, बारिश का यह दौर आगामी तीन-चार दिन जारी रहने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, राजधानी जयपुर में देर रात से शुरू हुआ बारिश का दौर आज सवेरे तक चला। इस कारण लोगों की दिनचर्या आज देर से शुरू हुई। हालांकि सुबह सूर्य उगने के बाद मौसम थोड़ा साफ नजर आया व धूप के भी निकली। हालांकि राजधानी में बादल छाए हुए हैं। इसी प्रकार टोंक जिले के राजमहल क्षेत्र में बीते 24 घंटे में 57 एमएम बारिश दर्ज की गई। बीसलपुर बांध में भी तीन सेमी पानी की बढ़ोतरी हुई है। बांध का गेज आज सुबह 6 बजे 309.69 आरएल मीटर दर्ज किया गया। नैनवां कस्बे में भी आज सवेरे से ही बारिश का दौर जारी है। वहीं भीलवाड़ा के अरवड़ कस्बे में भी गुरुवार देर रात से शुरू हुआ बारिश का दौर लगातार जारी है। तेज बारिश से क्षेत्र के अरवड़ बांध सहित छोटे-मोटे जलाशयों में पानी की आवक हुई हैं। गांवो में कई निचली जगहों पर पानी भर गया व खेत भी पानी से भर गए। भीलवाड़ा के आकोला, क्षेत्र के गांवों में भी तेज बारिश का दौर जारी है। इस बारिश से फसलनों को संजीबूटी मिलेगी। बारिश से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। बारां जिले के केलवाड़ा क्षेत्र में भी आज सवेरे से मानसूनी मेघ जमकर मेहरबान हैं। क्षेत्र में आज सवेरे से झमाझम बारिश का दौर जारी है।