जयपुर

NEET PG 2026 Exam : जयपुर में 5 सितंबर को फिर होगी नीट पीजी परीक्षा, सचिन पायलट बोले- जवाबदेही कब तय होगी?

NEET PG 2026 Exam : जयपुर में बिजली गुल होने से नीट पीजी परीक्षा 2026 प्रभावित हुई। अभ्यर्थियों के हंगामे के बाद 5 सितंबर को फिर परीक्षा होगी। इस मामले पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सरकार से सवाल किया कि आखिर परीक्षाओं में हो रही कितनी लापरवाहियों का खामियाजा मेहनती छात्रों को कब तक भुगतना पड़ेगा?
3 min read
NEET PG exam again in Jaipur on 5 September Sachin Pilot reaction
NEET PG 2026 Exam : कांग्रेस नेता सचिन पायलट। फाइल फोटो - ANI

NEET PG 2026 Exam : जयपुर के सीतापुरा स्थित आईऑन डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र पर रविवार को आयोजित नीट पीजी 2026 परीक्षा के दौरान बिजली सप्लाई बाधित होने से अभ्यर्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा कि इन व्यवस्थाओं की विफलता की जवाबदेही कब तय होगी?

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि जयपुर में NEET-PG परीक्षा के दौरान तकनीकी समस्याओं के कारण परीक्षा प्रभावित होना बेहद गंभीर मामला है। सवाल सिर्फ परीक्षा के रद्द या reschedule होने का नहीं है। आखिर परीक्षाओं में हो रही कितनी लापरवाहियों का खामियाजा मेहनती छात्रों को कब तक भुगतना पड़ेगा? साथ ही, इन व्यवस्थाओं की विफलता की जवाबदेही कब तय होगी?

सचिन पायलट ने आगे कहा कि पेपरलीक और परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही संस्थागत खामियों के बीच सबसे ज्यादा नुकसान उस छात्र का होता है जिसने दिन-रात मेहनत की है। देशभर में छात्रों ने पेपरलीक और परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता, विश्वसनीयता और प्रणाली में सुधार को लेकर आवाज उठाई है। इसके बावजूद अगर बार-बार वही समस्याएं सामने आती रहें, तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या पिछली गलतियों से कोई सबक लिया भी गया है?

यह एक अच्छी बात है - अरुण चतुर्वेदी

एनटीए परीक्षा में अनियमितता के मुद्दे पर राजस्थान के वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कहा, कुछ तकनीकी समस्या थी। सरकार को धन्यवाद देना चाहूंगा कि ऐसे मामले सामने आते ही उसने तुरंत कार्रवाई की और तुरंत फैसले लिए। यह एक अच्छी बात है।

5 सितंबर को दोपहर 3 बजे फिर से आयोजित होगी रद्द परीक्षा

जयपुर के सीतापुरा स्थित आईऑन डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र पर रविवार को आयोजित नीट पीजी 2026 परीक्षा के दौरान बिजली सप्लाई बाधित होने से अभ्यर्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। परीक्षा के बीच बिजली गुल होने से नाराज अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा किया और केंद्र प्रशासन से बिजली व्यवस्था को लेकर जवाब मांगा। अभ्यर्थियों की ओर से परीक्षा प्रभावित होने की आपत्ति भी दर्ज कराई गई। मामला बढ़ने के बाद प्रशासन ने प्रभावित अभ्यर्थियों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया है।

एडीएम सिटी के अनुसार, सीतापुरा स्थित इसी परीक्षा केंद्र ((टेस्ट सेंटर संख्या 41682 और 41683)) पर प्रभावित अभ्यर्थियों की परीक्षा 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे फिर से आयोजित की जाएगी। इसके लिए संबंधित अभ्यर्थियों को नए री-एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। प्रशासन की ओर से केंद्र अधीक्षक से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है और मामले की रिपोर्ट बोर्ड को भेजी जा रही है। इसके लिए एजेंसी M/s TCS Ltd. की जिम्मेदारी तय की गई है।

NEET-PG 2026 के उम्मीदवार ने जताया विरोध

NEET-PG 2026 के उम्मीदवार सीतापुरा के एक परीक्षा केंद्र पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि तकनीकी खराबी के कारण परीक्षा में रुकावटें आईं। एक उम्मीदवार, विष्णु शर्मा ने कहा, मैं यहां परीक्षा देने आया हूं। शुरुआत से ही, परीक्षा ठीक से शुरू होने से पहले ही, सिस्टम बार-बार बंद हो रहा था। यह 2 मिनट चलता और फिर क्रैश हो जाता। ऐसा कम से कम 20 बार हुआ। हम सहयोग करने की कोशिश करते रहे, यह सोचकर कि 'शायद अब यह काम करेगा,' लेकिन यह बार-बार बंद होता रहा। इस बीच, सभी छात्र आपस में स्थिति पर चर्चा कर रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे सातवीं या आठवीं कक्षा की परीक्षा हो रही हो, जहां छात्र एक-दूसरे से बातें कर रहे हैं।

विष्णु शर्मा ने कहा, जब वे हमसे इतनी ज़्यादा फ़ीस लेते हैं, तो क्या वे देश की सबसे बड़ी परीक्षाओं में से एक, इस परीक्षा के लिए सही सुविधाएं नहीं दे सकते? हम डॉक्टर हैं जो दूसरों का इलाज करते हैं। आप हमसे उम्मीद करते हैं कि हम सभी को सबसे अच्छी देखभाल और सुविधाएं दें, फिर भी जब हम ऐसी स्थिति का सामना करते हैं, तो कोई भी ज़िम्मेदारी नहीं लेता। कोई भी इसकी ज़िम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। हमारी मांग साफ़ है। यह सिर्फ़ हमारे सेंटर की बात नहीं है। परीक्षा सिर्फ़ हमारे सेंटर पर दोबारा नहीं होनी चाहिए; इसे रद्द करके पूरे देश में फिर से आयोजित किया जाना चाहिए। इसे पूरे देश में रद्द किया जाना चाहिए।"

नीट-पीजी परीक्षा ऑल इंडिया लेवल पर दोबारा कराई जाए - छात्र

इस गड़बड़ी के बाद नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज ने प्रभावित छात्रों के लिए 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा कराने का ऐलान किया है। हालांकि, छात्र और अभिभावक पूरे देश में दोबारा परीक्षा कराने की मांग कर रहे हैं। एक छात्र ने कहा, "मैं चाहता हूं कि नीट-पीजी परीक्षा ऑल इंडिया लेवल पर दोबारा कराई जाए।

जयपुर जिले में बनाए गए 15 परीक्षा केंद्र

देशभर में रविवार को नीट पीजी 2026 परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा के लिए कुल 2 लाख 72 हजार 183 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। जयपुर जिले में परीक्षा के लिए 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

Updated on:
30 Aug 2026 04:55 pm
Published on:
30 Aug 2026 03:45 pm
Also Read
View All
‘पूरे देश में दोबारा हो परीक्षा’, NEET-PG अभ्यर्थी का फूटा गुस्सा, परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दी चेतावनी

गुरु दक्षिणा- जो समाज के काम आई…’राजस्थान पत्रिका’ आपसे पूछता है कि ‘आपकी ‘गुरु दक्षिणा’ क्या होगी?’

जयपुर में हंगामे के बाद NEET-PG परीक्षा से जुड़ा बड़ा अपडेट, इन दो सेंटरों पर 5 सितंबर को फिर होगी परीक्षा

जयपुर में NEET PG परीक्षा के दौरान बड़ा हंगामा, लाइट चली जाने की वजह से भड़के अभ्यर्थी, परीक्षा छोड़ सेंटर के बाहर हुए एकत्र

समाज बोला- बेटी है, बाहर मत भेजो… डीडवाना की वर्षा नेशनल चैंपियन बनकर दिया करारा जवाब, अब राजस्थान पुलिस में तैनात