जयपुर

परकोटे के बाजार बनेंगे नो ट्रैफिक जोन, जाम से बचेंगे

परकोटे के बाजारों को नो-ट्रैफिक जोन बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए सबसे पहले बापू बाजार को ‘मॉडल’ बनाया जाएगा।

2 min read
Jun 18, 2024

Jaipur News : परकोटे के बाजारों को नो-ट्रैफिक जोन बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए सबसे पहले बापू बाजार को ‘मॉडल’ बनाया जाएगा। इससे पहले व्यापारी लोगों को जागरूक करेंगे। अगर प्रयोग सफल रहा तो नेहरू बाजार व इंदिरा बाजार के साथ चारदीवारी के अन्य बाजारों में यह व्यवस्था लागू हो सकती है।

परकोटे के बाजारों में ट्रैफिक जाम व अतिक्रमण की समस्या को लेकर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, यातायात व प्रशासन प्रीति चन्द्रा ने हाल ही जयपुर व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों की बैठक ली। इसमें शिमला, मनाली, मसूरी व नैनीताल के मॉल रोड की तर्ज पर परकोटे के एक बाजार को नो-ट्रैफिक जोन के रूप में ’मॉडल’ मार्केट बनाने पर चर्चा की गई।

हकीकत यह....

ज्यादातर दुकानदार अपना माल दुकान के बाहर बरामदों में रखते हैं, चलने के लिए जगह ही नहीं बचती। कुछ जगह फुटकर दुकानदारों ने ही अपनी दुकानें सजा रखी हैं। बाजारों में सड़क पर वाहन खड़े हो रहे हैं। कई बाजारों में पेड पार्किंग हो रही है, हैरिटेज नगर निगम की ओर से पार्किंग का टेंडर किया जाता है।

बापू बाजार

सड़क से अस्थायी अतिक्रमण हटाए जाएं

व्यापार बढ़ाने के लिए वर्तमान व्यवस्थाओं में कुछ बदलाव करना जरूरी है। पुरोहितजी का कटला इसका उदाहरण है, वहां लोग पैदल चलकर खरीदारी करते हैं तो दिनभर भीड़ रहती है। प्रशासन सड़क पर होने वाले अस्थायी अतिक्रमण हटा दे तो दुकानदार भी बरामदों से अतिक्रमण हटाने के लिए तैयार हैं। -सुरेश सैनी, महामंत्री, जयपुर व्यापार महासंघ

व्यापारियों के साथ मीटिंग में एक बाजार को ‘मॉडल’ मार्केट बनाने पर चर्चा हुई। रामनिवास बाग में लोग वाहन खड़े करके आएं और बाजार में खरीदारी करें।- प्रीति चन्द्रा, एसीपी, यातायात

ट्रैफिक पुलिस के साथ बैठक में एक बाजार को नो-ट्रैफिक जोन बनाने की बात हुई है। इससे टूरिस्ट व ग्राहकों को फायदा मिलेगा। - सुभाष गोयल, अध्यक्ष, जयपुर व्यापार महासंघ

होलसेल मार्केट होने से प्रशासन पहले माल की लोडिंग व अनलोडिंग के लिए जगह व समय भी तय करे। - विक्की चेलानी, महामंत्री, बापू बाजार व्यापार मंडल

Also Read
View All

अगली खबर