जयपुर

पत्रिका मोहल्ला मीटिंग@ सेठी कॉलोनी, आमजन का फूटा गुस्सा… बोले- भारी वाहनों का रूट बदले, अवैध पार्किंग और ड्रेनेज समस्या का हो स्थाई समाधान

सफाई और सीवर की शिकायतें बहुत, कार्यवाही शून्य

2 min read
Feb 15, 2026

जयपुर। शहर के लोगों की समस्याएं जानने शुक्रवार को पत्रिका की टीम गोविन्द मार्ग स्थित सेठी कॉलोनी पहुंची। जहां 'मोहल्ला मीटिंग' का आयोजन किया गया। जिसमें स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को विस्तार से रखा। लोगों ने कहा कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद हालात जस के तस हैं, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।


नरेन्द्र गेरयानी ने बताया कि कॉलोनी में सफाई व्यवस्था बदहाल है। नियमित रूप से हूपर नहीं आते, कचरा कई-कई दिनों तक सड़कों और गलियों में पड़ा रहता है। दुर्गेश सिंह और राजकुमार जैन ने क्षेत्र में जलभराव की समस्या को प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बारिश के दौरान सड़कों पर पानी भर जाता है, ड्रेनेज सिस्टम के साथ ऊंचा फुटपाथ बनाया जाना चाहिए। राजकुमार जैन और अनिल कासलीवाल ने बताया कि क्षेत्र की सीवर लाइन एक से डेढ़ दशक पुरानी है। यह आए दिन जाम हो जाती है, जिसके कारण गंदा पानी मुख्य सड़क पर बहता रहता है।

अमरेन्द्र सिंह ने सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई होटल संचालित हो रहे हैं, जिनमें पीछे की ओर रिहायशी इलाके की तरफ भट्टियां लगा रखी हैं। इससे आगजनी जैसे हादसों का डर बना रहता है और स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना है। इस दौरान हिमांशु जैन और एम एल शर्मा समेत अन्य ने भी क्षेत्र की समस्याओं पर विचार रखे।

जवाहर नगर बायपास को विकल्प बनाया जाए

समाजसेवी राजेश गोयल ने बताया कि गोविंद मार्ग से रात में दिल्ली रोड और आगरा रोड जाने के लिए बसों और कार्मियल वाहनों की आवाजाही होती है, जबकि यह रिहायशी और तंग इलाका है। अनिल कासलीवाल ने कहा कि भारी वाहनों का रूट बदला जाना चाहिए। इसके लिए शांति पथ और जवाहर नगर बायपास को विकल्प बनाया जा सकता है।

शराब की दुकानों के बाहर मदिरापान

विनोद जैन ने बताया कि गोविंद मार्ग पर कई दारू की दुकानें हैं, जहां मौके पर ही लोग मदिरापान करते हैं। रात 8 बजे बाद भी यह दुकानें खुली रहती हैं। लेकिन जिम्मेदार कार्यवाही नहीं करते। वहीं रूपेश्वर गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र में कार बाजार संचालित है, जिसने रोड पर अनाधिकृत पार्किंग कर रखी है, जिससे यातायात प्रभावित होता है।

इनका कहना है…

क्षेत्र में सीवर, सफाई और ड्रेनेज सिस्टम की समस्या पर कार्यवाही करेंगे। टीम भिजवाकर दिखवाता हूं। यदि लाइन जर्जर हो चुकी है तो उसे बदला जाएगा।

सुबोध कुमार, अधिशासी अभियंता
आदर्श नगर जोन, नगर निगम

Updated on:
15 Feb 2026 05:09 pm
Published on:
15 Feb 2026 05:07 pm
Also Read
View All

अगली खबर