
सीबीएसई वेस्ट जोन प्रतियोगिता में किया दमदार प्रदर्शन
निवाई. मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल की छात्रा प्रतिष्ठा कुमावत ने योगासन में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है। सीबीएसई वेस्ट जोन योगासन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद प्रतिष्ठा का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। उसकी उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे निवाई क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सीबीएसई वेस्ट जोन योगासन प्रतियोगिता का आयोजन चमेली देवी अग्रवाल ग्रुप ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, इंदौर में हुआ। प्रतियोगिता में राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात की विभिन्न टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतिष्ठा ने प्रतियोगिता के दौरान योग के कठिन आसनों का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों को प्रभावित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य कुंभाराम चौधरी ने कहा कि प्रतिष्ठा कुमावत ने अपनी मेहनत से साबित किया है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। उसका राष्ट्रीय स्तर पर चयन विद्यालय और निवाई क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतिष्ठा राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राजस्थान का नाम रोशन करेगी।विद्यालय लौटने पर विजेता टीम की मोनिका चौधरी, कृतिका जोशी एवं प्रतिष्ठा कुमावत तथा टीम प्रभारी कुंती शर्मा का तिलक एवं माला पहनाकर सम्मान किया गया।
फोटोकेप्शन
एनई2408सीडी-निवाई. स्कूल में प्रतिभागियों का स्वागत करते प्रधानाचार्य।