
अंतिम निर्णय प्रदेश नेतृत्व करेगा
भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन
निवाई. निकाय चुनाव की सरगर्मियों के बीच भाजपा ने चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए सोमवार को निकाय चुनाव प्रधान कार्यालय में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में टिकट के दावेदारों से लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं तक को अनुशासन और एकजुटता का संदेश दिया गया। नेताओं ने स्पष्ट कहा कि टिकट किसी एक कार्यकर्ता को मिलेगा, लेकिन चुनाव में पूरी भाजपा एकजुट होकर अधिकृत प्रत्याशी के साथ खड़ी रहेगी। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि निवर्तमान जिला प्रमुख सरोज बंसल एवं मुख्य वक्ता विधायक रामसहाय वर्मा रहे।
संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के अनुशासन से
बंसल ने कहा कि भाजपा अनुशासित संगठन है। वार्ड पार्षद के टिकट के लिए कई कार्यकर्ता आवेदन कर सकते हैं, लेकिन अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा। जिसे टिकट नहीं मिले, वह निराश न होकर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चुनाव में जुटे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के अनुशासन और एकजुटता से ही संभव है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष मदनसिंह राठौड़ के निर्देश पर नियुक्त प्रभारी मनोज चौधरी और सह प्रभारी दिनेश कुमार दादिया ने पार्षद पद के लिए आवेदन प्राप्त किए हैं। आवेदनों की रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व से जिला अध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान तक पहुंचेगी। इसके बाद 40 वार्डों में प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर अधिकृत प्रत्याशियों को पार्टी का सिंबल दिया जाएगा।
प्रत्येक वार्ड में प्रभारी नियुक्त
विधायक रामसहाय वर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव के लिए प्रत्येक वार्ड में प्रभारी नियुक्त किए जा चुके हैं। पार्टी ऐसे प्रत्याशियों को मैदान में उतारेगी, जो जीताऊ होने के साथ संगठन के लिए टिकाऊ भी हों। टिकट का अंतिम निर्णय प्रदेश नेतृत्व करेगा। सम्मेलन में कार्यालय प्रभारी ओमप्रकाश गुप्ता, परसराम कुमावत, मदनलाल वर्मा, ममता चौधरी, रामप्रसाद शर्मा, पूर्व सरपंच पदमचंद जैन सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटोकेप्शन
एनई2408सीबी-निवाई. भाजपा के सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ता।