जयपुर

गलता तीर्थ से गुंसी पहुंचे कावड़िएं, शिवालय में किया जलाभिषेक

Aug 25, 2026
Rajasthan

ग्रामीणों ने की पुष्पवर्षा
निवाई. बम-बम भोले के जयकारों और आस्था के उल्लास के बीच महाकाल कावड़ यात्रा ग्रुप गुंसी के तत्वावधान में निकली डाक कावड़ यात्रा सोमवार सुबह गुंसी पहुंची। रविवार रात जयपुर के गलता तीर्थ से रवाना हुई यात्रा में 101 कावड़िएं बारी-बारी से कावड़ लेकर दौड़ते हुए गुंसी पहुंचे। यहां गांव के मुख्य तालाब स्थित शिव मंदिर में कावड़ के पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। सुनील सैनी ने बताया कि गलता तीर्थ पर वैदिक रीति-रिवाज एवं मंत्रोच्चार के साथ कावड़ में जल भरा गया। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ डाक कावड़ यात्रा गुंसी के लिए रवाना हुई। पूरी यात्रा के दौरान कावड़िए बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए उत्साह के साथ दौड़ते रहे। गांव में पहुंचते ही श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर कावड़ियों का स्वागत किया। स्वागत के दौरान आस्था और उत्साह का माहौल नजर आया। ग्रामीण भी कावड़ियों के साथ चलते हुए शिव मंदिर तक पहुंचे। मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने जयघोष के बीच कावड़ में लाए गए जल से भगवान शिव का अभिषेक किया। कावड़ यात्रा के समापन पर शिव मंदिर परिसर में रामधुनी एवं भजनों का आयोजन किया गया। श्रद्धालु देर तक भक्ति रस में डूबे रहे। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। आयोजन के दौरान सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। इसी प्रकार बाबा रामदेव युवा मंडल झिलाय के तत्वावधान में निवाई से गंगेश्वर महादेव तक मंगलवार को कावड यात्रा निकाली जाएगी।
फोटोकेप्शन
एनई2408सीसी-निवाई. गलता तीर्थ से डाक कावड लेकर रवाना होते कावडिएं।

Updated on:
25 Aug 2026 06:01 am
Published on:
25 Aug 2026 06:01 am