जयपुर

पानी की टंकी बनी, फिर भी 300 परिवार दो साल से प्यासे

Aug 25, 2026
Rajasthan

देवली. पेयजल को लेकर पनवाड़ मोड़ पर ‘दीया तले अंधेरा’ वाली स्थिति बनी हुई है। यहां पानी की टंकी होने के बावजूद करीब 300 परिवार पिछले दो साल से पेयजल के लिए परेशान हैं। जलापूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों को तीन किलोमीटर दूर पनवाड़ पंप हाउस या दौलता मोड़ से पानी लाकर काम चलाना पड़ रहा है।

पंचायत प्रशासक सत्यनारायण माली ने बताया कि पनवाड़ मोड़ पर पानी की टंकी बनी हुई है, लेकिन अब तक इससे जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है। इससे क्षेत्र के परिवारों को पेयजल के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

समस्या के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को प्रशासक माली के नेतृत्व में महिलाओं सहित ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने टंकी से जल्द जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन देने वालों में लाली, मीरा, गुलशन, चांदनी, परवीन, लाड़ा, सायरा, उर्मिला, नसीम, कलीम, नजमा, पिंकी, अनीता सहित कई महिलाएं एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

फोटो कैप्शन:
देवली. उपखंड अधिकारी कार्यालय में पेयजल समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपते ग्रामीण।

Updated on:
25 Aug 2026 06:01 am
Published on:
25 Aug 2026 06:01 am