
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
श्चड्डह्लह्म्द्बद्मड्ड.ष्शद्व
मालपुरा. जैन शांतिनाथ मंडल समिति के तत्वावधान में सम्मेद शिखर तीर्थयात्रा के लिए 1008 श्रद्धालुओं का जत्था एक सितंबर को ट्रेन से रवाना होगा। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। यात्रा के लिए आवश्यक सामग्री भी शुक्रवार को रवाना कर दी गई।
यात्रा संयोजक राकेश जैन कागला ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन और आवागमन सहित विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। सम्मेद शिखर की पहाड़ी की पैदल परिक्रमा भी कराई जाएगी। यात्रा की वापसी 9 सितंबर को प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को पावन सिद्धभूमि सम्मेद शिखर के दर्शन एवं धार्मिक लाभ से जोड़ना है। 1008 श्रद्धालुओं का जत्था सम्मेद शिखर पहुंचकर तीर्थ वंदना करेगा।
शुक्रवार को यात्रा की सामग्री से भरे रथ को रवाना किया गया। इस दौरान ट्रक चालक और खलासी को माला पहनाकर एवं साफा बांधकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में चंपालाल जैन, विनोद जैन नेता, पदम जैन चौगाई, अरविंद मित्तल, अनिल जैन, देवकीनंदन गुप्ता, सुशील जैन, दिनेश जैन, दिलकुश जैन, चंदू जैन सहित मंडल के सदस्य मौजूद रहे।