जयपुर

भगवान श्रेयांसनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धा और उल्लास से मनाया

Aug 29, 2026
Rajasthan

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
श्चड्डह्लह्म्द्बद्मड्ड.ष्शद्व
निवाई. शांतिनाथ जैन अग्रवाल मंदिर परिसर में भक्ति का सैलाब उमड़ा, मंत्रोच्चार और भजनों से माहौल भक्तिमय हो गया और धर्म रक्षा के संकल्प के साथ श्रद्धालुओं ने 700 मुनिराजों को श्रीफल अर्पित किए। शुक्रवार को जैन धर्म के 11वें तीर्थंकर भगवान श्रेयांसनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव पर निर्वाण लड्डू श्रद्धा और उल्लास के साथ चढ़ाया। आचार्य सुंदर सागर महाराज, मुनि श्रुतांश सागर महाराज, आर्यिका चिंतनमति माताजी और आर्यिका सुलक्ष्यमति माताजी के सान्निध्य में हुए आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। चातुर्मास कमेटी के प्रवक्ता सुनील भाणजा एवं विमल पाटनी ने बताया कि निर्वाण कल्याणक महोत्सव पर गाजे-बाजे के साथ मंडल पर 700 मुनिराजों के श्रीफल चढ़ाए गए। श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना कर पुण्यार्जन किया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शांतिनाथ एवं भगवान श्रेयांसनाथ के समक्ष सुशील कुमार, नीरा जैन, महावीर प्रसाद पराणा, विनोद जैन एवं राजेंद्र बगड़ी ने दीप प्रज्वलित कर की।भगवान श्रेयांसनाथ को निर्वाण लाडू चढ़ाने का सौभाग्य विनोद कुमार, सत्यनारायण, गिर्राज प्रसाद एवं महेश कुमार जैन को प्राप्त हुआ। आर्यिकाओं को वस्त्र भेंट किए गए। आचार्य सुंदर सागर महाराज की पिच्छिका पर स्वर्ण राखी बांधने का सौभाग्य नेमीचंद एवं संजय कुमारको मिला।श्रद्धालुओं ने अकंपनाचार्य एवं 700 मुनिराजों पर हुए उपसर्ग की स्मृति में विशेष पूजा-अर्चना की। नवदेवता सहित 700 मुनिराजों की विधिवत पूजा कर मंडप पर श्रीफल अर्पित किए गए। आर्यिका सुलक्ष्यमति माताजी के मार्गदर्शन में बाल ब्रह्मचारिणी लब्धि दीदी, प्राप्ति दीदी एवं वंशिका दीदी ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना करवाई। अंकित एंड पार्टी ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति में सराबोर कर दिया। महोत्सव में श्रद्धालुओं ने जैन साधु-साध्वियों को 21 राखियां बांधकर धर्म रक्षा का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में केकड़ी, जयपुर, टोंक, सांगानेर और नैनवां सहित विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु पहुंचे। आचार्य सुंदर सागर महाराज एवं आर्यिका सुलक्ष्यमति ने धर्मसभा को संबोधित किया।

Updated on:
29 Aug 2026 06:00 am
Published on:
29 Aug 2026 06:00 am