
10 साल के आदित्य ने राष्ट्रीय तीरंदाजी में चमकाया दौसा का नाम
सिकंदरा. बांदीकुई तहसील के गुढ़लिया गांव की गोला की ढाणी निवासी पांचवीं कक्षा के 10 वर्षीय बाल तीरंदाज आदित्य मीणा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने गुंटूर (आंध्र प्रदेश) में आयोजित 7वीं एनटीपीसी चेरुकुरी लेनिन वोल्गा मेमोरियल किड्स (यू-10) तथा द्वितीय एनटीपीसी चेरुकुरी लेनिन वोल्गा मेमोरियल किड्स (यू-13) नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में भाग लेकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। जयपुर बिजली विभाग में सहायक अभियंता अखिलेश कुमार मीणा के पुत्र आदित्य पिछले दो वर्षों से जगतपुरा आर्चरी रेंज में कोच अर्जुन यादव के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। सुबह-शाम की मेहनत से उन्होंने रिकर्व बॉयज़ (यू-10) वर्ग में मजबूत तकनीकी पकड़ बनाई है।
खेल प्रतिभा परिवार में भी दिखती है। बड़े भाई आयुष मीणा राज्य स्तरीय जूनियर और सीनियर तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में कई बार राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 26 से 31 मार्च 2026 तक गुंटूर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी को आदित्य के करियर का अहम पड़ाव माना जा रहा है।