
Rajasthan Bar Council Election : राजस्थान बार काउंसिल के 23 सदस्यों के लिए 22 अप्रेल को मतदान होगा। इस बार चुनाव रोचक होगा। अब तक राज्य बार काउंसिल में दो ही महिला सदस्य रही हैं, जबकि इस बार 23 में से 5 सदस्यों के पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इन 5 सदस्यों के लिए 57 महिला प्रत्याशी हैं।
राजस्थान बार काउंसिल के 23 सदस्यों के चुनाव के लिए कुल 234 प्रत्याशी हैं, लेकिन हर महिला सदस्य का औसतन 11 अन्य महिला प्रत्याशियों से मुकाबला होगा। महिला प्रत्याशियों के बीच जहां मुकाबला कड़ा है, वहीं उनके बीच उत्साह भी अधिक है। प्रचार-प्रसार में भी इस बार महिला प्रत्याशियों का उत्साह अधिक दिख रहा है।
राजस्थान बार काउंसिल में अब तक दो महिला वकील ही सदस्य रही हैं, जिनमें कमला जैन व सुनीता सत्यार्थी शामिल है।
इस बार चुनाव सुप्रीम कोर्ट की देखरेख में हो रहा है। देशभर में बार काउंसिल चुनाव सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश सुधांशु धूलिया की निगरानी में होंगे। दिल्ली हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जे आर मिड्ढा की तीन सदस्यीय कमेटी को राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में बार काउंसिल का चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजस्थान हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मनोज गर्ग राजस्थान में चुनाव ऑब्जर्वर होंगे, जबकि निर्वाचन अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता सचिन आचार्य को बनाया गया है।
मतदान के लिए प्रदेश में 239 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर पोलिंग अधिकारी व उसके दो सहायकों के लिए स्थानीय बार एसोसिएशनों से नाम मांगे गए है। हर मतदान केंद्र पर स्थानीय उपखंड अधिकारी ऑब्जर्वर की भूमिका में रहेंगे। इनके अलावा जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त दो कर्मचारी व हाईकोर्ट की ओर से नियुक्त दो भी मतदान केंद्रों पर रहेंगे।
कुल पद-25, जिनमें से 23 पर चुनाव होंगे
1- दो पदों पर महिलाओं को मनोनीत किया जाएगा
2- 23 में से पांच पद महिलाओं के लिए आरक्षित
3- कुल मतदाता-84247
मतदान- 22 अप्रेल को सुबह 8 से शाम 5 बजे तक
मैं 1993 में बार काउंसिल सदस्य चुनी गई। उस समय करीब 1200 महिला वकील होती थीं और अब करीब 22 हजार महिला वकील हैं। हमारे समय महिला का चुना जाना बड़ा कठिन होता था। मुझे हर बूथ पर एक वोट मिला, जिससे मैं चुनाव जीत पाई।
सुनीता सत्यार्थी, पूर्व सदस्य, राजस्थान बार काउंसिल