
जयपुर। अमरीकी की संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को वांटेड घोषित करते हुए उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर 50,000 अमरीकी डॉलर (करीब 47 लाख रुपए) तक के इनाम की घोषणा की है। एफबीआई के अनुसार गोल्डी बराड़ कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह का उत्तर अमरीका में प्रमुख संचालक है। एजेंसी ने उसके खिलाफ चल रही कार्रवाई को 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' का हिस्सा बताया है। बता दें कि गोल्डी बराड़ का नाम राजस्थान में रंगदारी, धमकी और संगठित अपराध से जुड़े कई मामलों में भी सामने आ चुका है।
बता दें कि गोल्डी बराड़ के नाम से बदमाश कई बार इंटरनेशनल मोबाइल नंबर के जरिए राजस्थान के कारोबारियों को कॉल करके करोड़ों रुपए की फिरौती मांग चुके हैं। फिरौती नहीं देने पर जान से मारने की धमकियां देते हैं।
वहीं दूसरी तरफ एफबीआई ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी बयान में कहा था कि एफबीआई सतिंदरजीत सिंह की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना के लिए 50,000 अमरीकी डॉलर तक का इनाम दे रही है। सतिंदरजीत सिंह पर लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह से जुड़े होने का आरोप है, जिसे 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' के तहत निशाना बनाया गया है। एफबीआई के अनुसार, यह समूह दक्षिणी कैलिफोर्निया समेत अमरीका और कनाडा में कथित तौर पर कई हिंसक आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
यह वीडियो भी देखें
इनमें राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की हत्या, गोलीबारी, अपहरण, जबरन वसूली, मारपीट तथा मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी जैसे अपराध शामिल हैं। एजेंसी का दावा है कि सतिंदरजीत सिंह अमरीका में रहता है और उत्तर अमेरिका में इस समूह की गतिविधियों का कथित तौर पर नेतृत्व करता है। उसके संबंध कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो और फ्रेस्नो के अलावा कनाडा, भारत और मैक्सिको से बताए गए हैं।
एफबीआई की यह कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है, जब अमरीकी प्रशासन ने हाल ही में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर 18 जून 2023 को कनाडा के सरे शहर में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था। अमरीकी अदालत में दाखिल सरकारी दस्तावेजों के अनुसार, दोनों पर विदेश और जेल से बैठकर हत्या की योजना बनाने तथा शूटरों को निर्देश देने का आरोप है।