जयपुर

जयपुर में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का बड़ा ऐलान, राजस्थान को मिलेंगी 200 नई ट्रेनें, 1.60 लाख युवाओं को नौकरी

Railway Minister Ashwini Vaishnaw: केंद्रीय रेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस संदेश ने युवाओं में जोश का संचार किया। वैष्णव ने कहा कि रेलवे में फिलहाल एक लाख 60 हजार 778 भर्तियों पर काम चल रहा है। देश में 36 हजार किमी नए ट्रैक बिछाए जा रहे हैं।

2 min read
May 24, 2026
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का स्वागत करते सीएम भजनलाल शर्मा। Photo: ANI

जयपुर। आज नौकरी शुरू कर रहे युवा 2047 तक विकसित भारत की तस्वीर तय करेंगे। कॉन्सटीट्यूशन क्लब में शनिवार को आयोजित 19वें रोजगार मेले में केंद्रीय रेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस संदेश ने युवाओं में जोश का संचार किया। वैष्णव ने कहा कि रेलवे में फिलहाल एक लाख 60 हजार 778 भर्तियों पर काम चल रहा है। देश में 36 हजार किमी नए ट्रैक बिछाए जा रहे हैं।

राजस्थान को 200 नई ट्रेनें मिलना भी प्रस्तावित है। कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने युवाओं से 'देश प्रथम' की भावना के साथ काम करने का आह्वान किया। जयपुर में विभिन्न केंद्रीय विभागों में चयनित 420 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। देश में 47 जगहों पर हुए रोजगार मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये संबोधित किया।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Civic Elections : राजस्थान में ओबीसी आयोग की रिपोर्ट नहीं आई तब क्या होगा, जानें फार्मूला

'भर्ती में नो कन्फ्यूजन, फुल क्लेरिटी'

रेल मंत्री ने कहा कि आप लोग जब 2047 में सीनियर पदों पर होंगे तो आपका अनुभव ही देश को विकसित राष्ट्र बनाएगा। उन्होंने कहा कि अब रेलवे में 'वार्षिक भर्ती कैलेंडर' लागू कर दिया गया है। इसके तहत हर साल चार चरणों में फिक्स नोटिफिकेशन जारी होते हैं- इससे युवाओं को तैयारी का समय मिल रहा है। परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाती हैं। रोजगार मेले का आयोजन राजस्थान में जयपुर के अलावा जोधपुर, अजमेर और बीकानेर में भी किया गया। कार्यक्रम में सांसद मंजू शर्मा और सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा भी मौजूद थे।

राजस्थान में इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में अपार संभावनाएं

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि राजस्थान में इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि अब तक वे बेंगलुरु, हैदराबाद और कोयंबटूर जैसे शहरों में सेमीकंडक्टर यूनिट्स के उद्घाटन के लिए जाते रहे हैं, उम्मीद है जल्द ही राजस्थान में भी उसी तरह बड़े स्तर पर निवेश और ज्यादा से ज्यादा यूनिट्स स्थापित होंगे। वे शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित 'स्टेकहोल्डर डायलॉग ऑन इलेक्ट्रॉनिक्स एंड सेमीकंडक्टर्स सेक्टर्स' कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने निवेशकों से उद्योग स्थापना के स्पष्ट लक्ष्य तय करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उद्योग मंत्री राज्यवर्धन राठौड़, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और उद्योग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल मौजूद रहे। कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, निवेश और सेमीकंडक्टर क्लस्टर विकास पर चर्चा हुई।

'ट्रिपल-एस फैक्टर' बनेगा ताकतः सीएम

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज सिम से स्पेस और मोबाइल से मिसाइल तक हर क्षेत्र में सेमीकंडक्टर चिप की अहम भूमिका है। उन्होंने बताया कि भिवाड़ी में प्रदेश का पहला सेमीकंडक्टर क्लस्टर विकसित किया जा रहा है, जहां प्रतिवर्ष करीब 6 करोड़ चिप्स का उत्पादन होगा। अब तक 20 कंपनियों से 1200 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान का 'ट्रिपल-एस फैक्टर' (सिलिका, स्किल और सोलर) सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए मजबूत आधार बनेगा।

जेपीएमआईए बनेगा 'सिलिकॉन वैली ऑफ राजस्थान'

सीएम ने कहा कि जोधपुर-पाली-मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र और कांकाणी को 'सिलिकॉन वैली ऑफ राजस्थान' के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां चिप डिजाइन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के लिए वातावरण तैयार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें

अमित शाह के बीकानेर दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट, 50 अफसरों की विशेष टीम को सौंपी अलग-अलग जिम्मेदारी
Also Read
View All