
जयपुर। किसानों के लिए पूर्ण कर्ज माफी की मांग सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस अब भाजपा को घेरने की तैयारी में है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट मंगलवार को बारां से किसान न्याय पदयात्रा शुरू करेंगे। मुख्यमंत्री और उनके सांसद पुत्र के गृह निर्वाचन क्षेत्र में करीब तीन दिन तक इस पदयात्रा के बीच किसानों से जुड़े मुद्दों सहित स्थानीय मसले भी गरमाएंगे।
इसे लेकर कांग्रेस आक्रमक तेवर अपनाने के मूड में है। ऐसे में आसार हैं कि हाड़ौती अगले दिनों में सियासत का केन्द्र बिन्दु रहेगा। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार हाड़ौती में विधानसभा की कुल 17 सीटें हैं। इनमें से 16 पर फिलहाल भाजपा का कब्जा है। मुख्यमंत्री और उनके पुत्र भी इसी इलाके का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में कांग्रेस इस क्षेत्र में बड़ा जन आंदोलन कर सरकार के साथ भाजपा पर दबाव बनाने की तैयारी में है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में हाड़ौती राजनीति का केन्द्र बिन्दु बनकर उभरेगा। कांग्रेस का दावा है कि कर्ज से परेशान किसानों ने बारां और झालावाड़ में ही सर्वाधिक आत्महत्या की हैं।
निर्णायक रहेगी हमारी पदयात्रा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने बताया कि फसलों के लगातार खराब होने से किसानों की कमर टूट गई है। कर्ज के कारण वे आत्महत्या को मजबूर हो रहे हैं। भाजपा की किसानों से कोई सहानुभूति नहीं है। कर्ज माफी में भी सरकार चुनावी फायदे का गणित लगा रही है और चुनाव तक कर्जमाफी को टालने के प्रयास में है। हाल के दिनों में 75 किसान आत्महत्या कर चुके हैं, इनमें सर्वाधिक हाड़ौती के हैं। सीएम के क्षेत्र के पिड़ावा में किसान ने आत्महत्या की थी, जिसके परिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष ने धमकाया।
इसका ऑडियो भी वायरल हुआ था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि परवन सिंचाई योजना की लागत बढऩे का सरकार स्पष्टीकरण नहीं दे पा रही है। इसका शिलान्यास यूपीए शासन में हुआ था। सरकार इसके निर्माण में तत्परता दिखाती तो हाड़ौती के 800 से ज्यादा गांवों को सिंचाई व पीने को पानी उपलब्ध हो सकता था। डांग विकास क्षेत्र के तहत बारां, झालावाड़ में केवल 10 प्रतिशत राशि खर्च हुई है। कांग्रेस इन मुद्दों पर सीएम के गृह क्षेत्र में यात्रा निकालेगी और सरकार को जगाने का प्रयास करेगी।
ये रहेंगी प्रमुख मांगें
- पूर्ण कर्ज माफी
- जीरा, धनिया और ईसबगोल का समर्थन मूल्य घोषित हो
- कृषि यंत्रों से 18 से 28 फीसदी जीएसटी वापस लिया जाए
- फसल आते ही समर्थन मूल्य पर खरीद हो
- आवश्यक वस्तु अधिनियम में संशोधन, मूंग के स्टॉक पर रोक
- झालावाड़-बारां के स्थानीय मुद्दे
पायलट की बारां से झालावाड़ तक किसान न्याय पदयात्रा कल से
- 3 अक्टूबर... सुबह 11 बजे बारां से शुरू होगी, पहले दिन बामला तक।
- 4 अक्टूबर... बामला से खानपुर तक
- 5 अक्टूबर... खानपुर से मंडावर तक
- 6 अक्टूबर... मंडावर से झालावाड़ तक, जहां किसान सम्मेलन होगा