कार के बम्पर में बनाया बॉक्स, फिर ला रहे थे 14 पिस्टल व 56 कारतूस, तीन गिरफ्तार, जयपुर एसओजी की टीम ने बूंदी स्थित टोल नाके पर पकड़ा
जयपुर। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने अब मध्यप्रदेश से राजस्थान हथियार तस्करी कर ला रहे तीन लोगों को बूंदी स्थित टोल नाका पर पकड़ा है। एसओजी ने आरोपितों से 14 पिस्टल और 56 कारतूस बरामद किए हैं। एसओजी के आईजी दिनेश एमएन ने बताया कि पाली और उसके आस-पास के क्षेत्र में हथियार तस्करी की सूचना मिली थी। एसओजी के एसपी संजय क्षोत्रिय व एएसपी करण शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई।
टीम सत्यापन के लिए क्षेत्र में पहुंची। वहां पता चला कि भारी मात्रा में हथियार मध्यप्रदेश से लाए जा रहे हैं। इस पर पुख्ता सूचना पर टीम ने बूंदी स्थित टोल नाका पर तस्करों के आने का इंतजार किया। कोटा की तरफ से आ रही संदिग्ध कार को टोल नाका पर रोक लिया। तलाशी में कार के पीछे बम्पर में एक विशेष बॉक्स बनाया गया था, जिसकी तलाशी ली तो उसमें 14 पिस्टल, 18 मैग्जिन व 56 कारतूस मिले। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि मध्यप्रदेश में डेढ़ लाख रुपए कीमत दे यह हथियार लाए हैं। यह हथियार जोधपुर और पाली के कुछ बदमाशों की मांग पर तस्करी कर ले जा रहे थे।
इनको किया गिरफ्तार
एसओजी ने हथियार तस्करी के मामले में मांगीलाल देवासी (45) पाली के खराड़ी, देवाराम देवासी (40) व बाबूलाल विश्नोई (55) जोधपुर के तिलवासना निवासी को गिरफ्तार किए। इससे पहले निम्बाहेड़ा से तीन हथियार तस्कर गिरफ्तार किए थे। तब तस्करों से 20 हथियार बरामद किए थे।
27 हजार में लाते थे और 55 हजार में बेचते थे एक पिस्टल
निम्बाहेड़ा में पकड़े गए हथियार तस्कर 27 हजार रुपए में रतलाम (मध्यप्रदेश) से पिस्टल व रिवॉल्वर खरीदकर लाए थे और यहां 55 हजार रुपए में बेचनी थी। एसओजी के आईजी दिनेश एमएन ने बताया कि गत गुरुवार रात को निम्बाहेड़ा ट्रांसपोर्ट नगर में होटल के बाहर आरोपितों को पहुंचते ही दबोचा। गिफ्तार इरफान खां चित्तौडग़ढ़ के निकुम्भ और सद्धाम खां व फिरोज खां निम्बाहेड़ा निवासी है।