Marco Rubio : अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो आज सोमवार को दोपहर 2 बजे जयपुर आएंगे। इस दौरान एयरपोर्ट से आमेर तक दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे के बीच आमजन व पर्यटकों के लिए ट्रैफिक बंद रहेगा।
Marco Rubio : अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो आज सोमवार को जयपुर आएंगे। रुबियो दोपहर 2 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। रुबियो का आमेर महल में भ्रमण का कार्यक्रम है। इसके अलावा वे हाथी गांव, सिटी पैलेस और चारदीवारी के कुछ बाजारों में भी जा सकते हैं। रुबियो आमेर महल में करीब एक घंटा रुकेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां की है। जेएलएन मार्ग सहित कई प्रमुख रास्तों पर पूरे दिन यातायात बाधित रहेगा।
अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो जयपुर एयरपोर्ट से आमेर जाएंगे और आमेर से वापस लौटेंगे। इस दौरान एयरपोर्ट से आमेर तक दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे के बीच कुछ घंटे यह मार्ग आमजन व पर्यटकों के वाहनों के लिए बंद रहेगा। इस मार्ग पर चलने वाला आमजन और पर्यटकों के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था रहेगी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार ही दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक इन मार्गों पर 10 से 12 लाख आम वाहन निकलते हैं, जो प्रभावित होंगे।
विदेश मंत्री मार्को रुबियो सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। जयपुर कमिश्नरेट पुलिस उनकी सुरक्षा को देखते हुए करीब दोपहर 1 बजे से उनके आमेर पहुंचने तक दोपहर ढाई बजे तक इसे पूरे मार्ग पर आम ट्रैफिक की आवाजाही बंद कर देगी। इसी प्रकार उनके आमेर से शाम करीब साढ़े चार बजे रवाना होकर रामबाग होटल आने का कार्यक्रम है। इस दौरान शाम 4 बजे से पांच साढ़े पांच बजे तक आमेर से रामबाग चौराहा तक का ट्रैफिक पूरी तरह से बंद रहेगा। रुबियो मंगलवार सुबह जयपुर से वापस लौटेंगे।
जयपुर एयरपोर्ट से ओटीएस, जेडीए चौराहा, रामनिवास बाग होते हुए जवाहर लाल नेहरू मार्ग, न्यू गेट, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, हवामहल बाजार और सुभाष चौक से आमेर तक सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग निषेध रहेगी। एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों का आवागमन निर्बाध रहेगा।
वीवीआइपी मूवमेंट को देखते हुए आम ट्रैफिक के लिए वेकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है। वीवीआइपी के विशेष सुरक्षा इंतजाम हैं। आमजन को जरूरी काम हो तो वेकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करें। ट्रैफिक की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर का उपयोग करें। -योगेश गोयल, डीसीपी ट्रैफिक, जयपुर
एयरपोर्ट से ओटीएस, जेडीए चौराहा, रामनिवास बाग होते हुए जवाहर लाल नेहरू मार्ग, न्यू गेट, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, हवामहल बाजार और सुभाष चौक से आमेर तक का पूरा रूट दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक सामान्य यातायात जरूरत होने पर बंद किया जाएगा।
ये बड़े चौराहे, जहां लाखों वाहन निकलते : जेएलएन मार्ग पर ओटीएस, त्रिमूर्ति सर्कल, न्यू गेट, बड़ी चौपड़ व रामगढ़ मोड़।
यातायात पुलिस के अनुसार आवश्यकतानुसार वाहनों को टोंक रोड, झालाना बाईपास, जवाहर नगर बाईपास, जनपथ, पृथ्वीराज रोड, तख्तेशाही रोड, एमआई रोड, गोविंद मार्ग, एमडी रोड, किशनपोल बाजार, रामगंज बाजार, घाट बाजार और दिल्ली रोड जैसे समानांतर मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। इस दौरान हल्के भार वाहक वाहन, बस, मिनी बस और धीमी गति से चलने वाले वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
ट्रैफिक बंद या खुला है, यहां से ले सकते हैं जानकारी
हेल्पलाइन नंबर : 1095, 2565630, 2561256 वॉट्सएप हेल्पडेस्क : 8764866972।
अमरीकी विदेशी मंत्री मार्को रूबियो सोमवार को जयपुर आएंगे। उनका दोपहर बाद आमेर महल का भ्रमण करने का कार्यक्रम है। ऐसे में वीवीआइपी विजिट को देखते हुए जिला कलक्टर के आदेशों के बाद रविवार को पुरातत्व विभाग निदेशक डॉ. पंकज धरेन्द्र ने भी एक आदेश जारी किया। जिसमें कहा गया है कि सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए दोपहर । बजे से शाम 5 बजे तक आमेर महल में पर्यटकों का प्रवेश बंद रहेगा।
अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार को आमेर महल में करीब तीन घंटे का भ्रमण करेंगे। महल पहुंचने पर मुख्य द्वार पर पर्यटन विभाग की ओर से उनका राजस्थानी परंपरा के अनुसार भव्य स्वागत किया जाएगा। घूमर, कच्छी घोड़ी, रावण हत्था और कालबेलिया नृत्यों से उनका अभिनंदन होगा। सूत्रों के अनुसार रूबियो महल में शीश महल, दीवाने आम और गणेश पोल देखेंगे। रविवार को पुरातत्व विभाग, पर्यटन विभाग, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने देर रात तैयारियों को अंतिम रूप दिया। शाम को फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया और सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर मंथन हुआ।
मार्को रूबियो की प्रस्तावित जयपुर यात्रा को देखते हुए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस ने शहर के 24 थाना क्षेत्रों में 25 और 26 मई को ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर योगेश दाधीच ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।