
Jaisalmer Pokaran News: जैसलमेर जिले के पोकरण क्षेत्र के मंगोलई गांव में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पानी की मोटर के खुले तार की चपेट में आने से दो मासूम बच्चों की करंट लगने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान केलावा निवासी 3 वर्षीय फारुख और बिलिया निवासी 5 वर्षीय इशराना के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक छा गया।
जानकारी के मुताबिक, फारुख और इशराना अपने-अपने ननिहाल मंगोलई गांव आए हुए थे। दोनों के ननिहाल आसपास ही हैं, जिसके चलते वे साथ खेल रहे थे। इसी दौरान पानी की मोटर के खुले तार की चपेट में आने से दोनों बच्चों को करंट लग गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन दोनों बच्चों को गंभीर हालत में पोकरण जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन बच्चों के शव लेकर गांव लौट गए और पोस्टमॉर्टम नहीं करवाया। मामले में पुलिस को भी कोई सूचना नहीं दी गई। दोनों बच्चों की मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है।