15 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जोधपुर: 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 9 साल का बच्चा, माता-पिता बेहाल; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जोधपुर के नौसर की पूनियों की ढाणी में 9 वर्षीय भोमाराम 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। कैमरे में बच्चे की हलचल दिखी है। वह 640 फीट पर फंसा है। ऑक्सीजन पहुंचाने के साथ रेस्क्यू जारी है।
2 min read
Google source verification
jodhpur borewell accident

बोरवेल में गिरा 9 साल का मासूम (पत्रिका फोटो)

Jodhpur Borewell Accident: नौसर (फलोदी): राजस्थान के फलोदी जिले के लोहावट पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत नौसर के अंतर्गत पूनियों की ढाणी में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां 9 वर्षीय बालक भोमाराम पुत्र पांचाराम भील खेत में स्थित बोरवेल में गिर गया। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। बालक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा बताया जा रहा है। घटना के बाद से ही उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, बालक के पिता के खेत में नलकूप खराब हो गया था। इसकी मरम्मत के लिए मौके पर बोरिंग मशीन आई हुई थी। पिता मशीन के पास काम कर रहे थे और बालक भी उनके आसपास ही मौजूद था। इसी दौरान अचानक बालक बोरवेल में गिर गया। बताया जा रहा है कि बोरवेल की गहराई करीब 1050 फीट है।

640 फीट की गहराई पर फंसा बच्चा, ऑक्सीजन पहुंचाने के प्रयास

हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुटने लगे। इसके बाद मतोड़ा पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। बचाव दल ने बालक की स्थिति का पता लगाने के लिए कैमरे की मदद से जांच की। जांच के दौरान बालक के मूवमेंट करने की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि बच्चा करीब 640 फीट की गहराई पर फंसा हुआ है।

बोरवेल में फंसे बालक तक ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए मशक्कत की जा रही है। प्रशासन और बचाव दल की मौजूदगी में उसे सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास लगातार जारी हैं। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है और सभी बालक के सकुशल बाहर निकलने की उम्मीद कर रहे हैं।

इकलौते बेटे के लिए माता-पिता बेहाल

हादसे के बाद बालक के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। इकलौते बेटे के बोरवेल में गिरने की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है। फिलहाल, बचाव अभियान जारी है।

बड़ी खबरें

View All

जोधपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग