जैसलमेर

पोकरण : धोरों में भी गूंज रही ए-बी-सी-डी, अंग्रेजी माध्यम का बढ़ रहा क्रेज

पश्चिमी राजस्थान के सरहदी जिले के पोकरण क्षेत्र में अब अंग्रेजी माध्यम शिक्षा को लेकर जागरुकता बढऩे लगी है। कस्बे के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में अंग्रेजी माध्यम विद्यालय शुरू हो रहे है और विद्यार्थियों का नामांकन भी बढ़ रहा है।

2 min read
May 01, 2026

पश्चिमी राजस्थान के सरहदी जिले के पोकरण क्षेत्र में अब अंग्रेजी माध्यम शिक्षा को लेकर जागरुकता बढऩे लगी है। कस्बे के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में अंग्रेजी माध्यम विद्यालय शुरू हो रहे है और विद्यार्थियों का नामांकन भी बढ़ रहा है। सरकार के महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के साथ निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों की बड़ी तादाद देखने को मिल रही है। गौरतलब है कि सरहदी जिला जैसलमेर वर्षों पूर्व पिछड़ा क्षेत्र माना जाता था। शिक्षा के लिहाज से भी लोग ज्यादा जागरुक नहीं थे। बीते कुछ वर्षों में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरुकता में लोग अपने बच्चों को हिन्दी के साथ अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में भी दाखिला दिला रहे है, जिससे नामांकन बढ़ रहा है और विद्यार्थी भी उत्साह के साथ प्रवेश लेकर अध्ययन कर रहे है।

सरकारी व निजी विद्यालयों में बढ़ रहा नामांकन

गत कुछ वर्ष पूर्व राज्य सरकार की ओर से कई विद्यालयों को अंग्रेजी माध्यम में बदल दिया गया। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय अंग्रेजी माध्यम नाम से क्षेत्र में 8 विद्यालय शुरू किए गए। पूर्व में एक स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल संचालित है। इन विद्यालयों में करीब 1800 विद्यार्थी अध्ययनरत है। इसी प्रकार क्षेत्र में कुल 56 निजी विद्यालय स्थित है। जिनमें से 9 विद्यालय अंग्रेजी माध्यम के है। इन विद्यालयों में करीब 3 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत है।

रोजगार को लेकर बढ़ रहा रुझान

वर्तमान के आधुनिक क्रांति और तकनीकी के युग में अंग्रेजी माध्यम के प्रति बढ़ते रुझान का सबसे बड़ा कारण रोजगार में बढ़ती प्रतिस्पद्र्धा है। अभिभावकों का मानना है कि उच्च शिक्षा हो या निजी सैक्टर की नौकरियों में अंग्रेजी का वर्चस्व है। इसी को लेकर बड़ी कंपनियों के साथ तकनीक, चिकित्सा, इंजीनियरिंग क्षेत्र में कॅरियर निर्माण के लिए अंग्रेजी भाषा में दक्षता दिला रहे है। रोजगार की सुरक्षा और बेहतर भविष्य की उम्मीद में निम्न मध्यम वर्ग के परिवार भी अपने बच्चों को अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा दिलाना पहली प्राथमिकता समझने लगे है।

फैक्ट फाइल:-

- 240 कुल सरकारी विद्यालय स्थित है पोकरण क्षेत्र में

- 18 अंग्रेजी माध्यम विद्यालय है क्षेत्र में स्थित

- 5 हजार विद्यार्थी करते है अंग्रेजी माध्यम में शिक्षण

अंग्रेजी की ओर बढ़ा रूझान

सरकार की ओर से गांवों में भी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय शुरू कर दिए गए है। जिससे लोग जागरुक हो रहे है और बच्चे अंग्रेजी माध्यम स्कूलों का रुख कर रहे है। जिससे निजी के साथ सरकारी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में भी नामांकन बढ़ रहा है।

- दलपतसिंह भाटी, शिक्षाविद्, पोकरण

Updated on:
01 May 2026 08:57 pm
Published on:
01 May 2026 08:56 pm
Also Read
View All