
CM Bhajanlal Sharma Jodhpur Road Show: जोधपुर नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत के संकल्प के साथ रविवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में एक विशाल रोड शो का आयोजन किया गया। शहर की हृदयस्थली जालोरी गेट से शुरू होकर घंटाघर पर समाप्त हुए इस रोड शो में आमजन और भाजपा कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ा। देशभक्ति के गीतों, ढोल-नगाड़ों और 'जय श्री राम' के उद्घोष के बीच पूरे भीतरी शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री एक खुली जीप में सवार होकर शहर के प्रमुख व्यापारिक एवं आवासीय क्षेत्रों में पहुंचे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, शहर विधायक अतुल भंसाली, सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, पूर्व जेडीए चेयरमैन महेंद्र सिंह राठौड़ और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ पदाधिकारी भी रथ पर मौजूद रहे।
जालोरी गेट से शुरू हुआ यह रोड शो शहर के संकरे एवं भीतरी रास्तों आड़ा बाजार, सर्राफा बाजार, कपड़ा बाजार और कटला बाजार से होकर गुजरा। पूरे मार्ग में स्थानीय शहरवासियों ने अपने घरों की छतों और बालकनियों से रोड शो पर फूलों की भारी बारिश की। अनेक स्थानों पर मुस्लिम समुदाय के लोगों और महिलाओं ने भी मुख्यमंत्री के रथ पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। विभिन्न व्यापारिक मंडलों और गणमान्य नागरिकों ने मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री को राजस्थानी साफा पहनाकर मान-सम्मान दिया। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में बाइक रैली के रूप में आगे-आगे चल रहे थे।
रोड शो के समापन अवसर पर घंटाघर पर एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जोधपुर हमेशा से भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है और इस बार जनता पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़कर भाजपा का बोर्ड बनाएगी।
सीएम ने कहा कि केंद्र और राज्य में पहले से ही 'डबल इंजन' की सरकार काम कर रही है। अब नगर निगम और पंचायतों में भाजपा की जीत के साथ इसमें 'तीसरा इंजन' जुड़ जाएगा, जिससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों का चहुंमुखी विकास होगा।
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले दो-दो साल तक निकाय चुनाव ही लटके रहते थे, जिससे विकास कार्य ठप्प होते थे और सरकारी खजाने पर आर्थिक बोझ पड़ता था। हमारी सरकार ने 'वन स्टेट-वन इलेक्शन' का ऐतिहासिक निर्णय लिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, कांग्रेस के लोग कहते थे कि काकाजी भी वन स्टेट-वन इलेक्शन नहीं करवा पाएंगे, लेकिन अब काकाजी ही यह चुनाव संपन्न करवा रहे हैं।
सीएम शर्मा ने कहा कि पिछली गहलोत सरकार ने युवाओं के सपनों को कुचलने का काम किया। हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार और पेपर लीक माफियाओं पर नकेल कसते हुए उन्हें जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया। पिछले ढाई वर्षों में आयोजित 450 से अधिक परीक्षाओं में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है।
मुख्यमंत्री ने ईआरसीपी, यमुना जल समझौते और नर्मदा जल विवाद के स्थायी समाधान को अपनी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत वादों को पूरा कर दिया गया है और विधायकों को विकास के लिए 28 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।
रोड शो के उपरांत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शहर के न्यू पावर हाउस स्थित 'लघु उद्योग भारती भवन' एवं 'माहेश्वरी समाज भवन' में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ उच्च स्तरीय संगठनात्मक बैठकें कीं। सीएम ने बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले निकाय चुनाव के दौरान वे जोधपुर के प्रभारी थे और यहां के एक-एक वार्ड व गली से वाकिफ हैं।
उन्होंने कहा कि इस बार जोधपुर की जनता का उत्साह पिछली बार की तुलना में दोगुना है और कार्यकर्ता हर वार्ड में घर-घर जाकर सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाएं। कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि दो घंटे तक चले इस रोड शो में शहरवासियों ने जिस आत्मीयता से स्वागत किया है, उससे स्पष्ट है कि जोधपुर नगर निगम में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा का बोर्ड बनने जा रहा है।