जोधपुर

Jodhpur : राजस्थान के हार्डकोर आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस, परिजनों ने किया हमला, थानाधिकारी की फाड़ी शर्ट

Jodhpur : राजस्थान के फरार हार्डकोर आरोपी को पकड़ने पुलिस जब उसके गांव जोधपुर के बालेसर थाना क्षेत्र के भाटेलाई गांव में पहुंची तो पुलिस टीम पर आरोपी के परिजनों ने हमला कर दिया।
2 min read
hardcore criminal ganesh maju family members attack jodhpur police team
Jodhpur : आरोपी गणेश माजू। फोटो पत्रिका

Jodhpur : जोधपुर के बालेसर थाना क्षेत्र के भाटेलाई गांव में फरार हार्डकोर आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपी के परिजनों ने हमला कर दिया। आरोपी को छुड़ाने के लिए परिवार की महिलाओं सहित अन्य सदस्यों ने पुलिस से धक्का-मुक्की और झगड़ा किया। इस दौरान बालेसर थाना अधिकारी के कपड़े भी फट गए। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए आरोपी को चारों तरफ से घेरकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार जोधपुर के बालेसर थाना क्षेत्र के भाटेलाई गांव में करीब तीन-चार माह पहले एक दलित युवक के अपहरण और मारपीट के मामले में गणेश माजू पुत्र रामाराम विश्नोई वांछित था।

वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई बार दबिश दे चुकी थी, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था। शनिवार को पुलिस को आरोपी के गांव में मौजूद होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस टीम भाटेलाई स्थित उसके घर पहुंची।

पुलिस को देखकर आरोपी गणेश माजू के परिवार के सदस्य आक्रोशित हो गए और पुलिस टीम से उलझ गए। पुलिस ने गणेश माजू को पकड़ लिया तो परिजनों ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच झड़प की स्थिति बन गई। धक्का-मुक्की में थाना अधिकारी की शर्ट फट गई। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गणेश माजू की गिरफ्तारी से नाराज परिजन लगातार पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते रहे। पर पुलिस ने परिजनों और अन्य मददगारों के साथ सख्ती से व्यवहार किया।

थाना अधिकारी ने दर्ज कराया मामला

घटना के बाद बालेसर थाना अधिकारी ने आरोपी गणेश माजू, उसके पिता सहित अन्य लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कराया है। मामले की जांच शेरगढ़ थाना अधिकारी को सौंपी गई है।

50 से अधिक मामलों में वांछित

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गणेश माजू बालेसर थाना सहित जोधपुर जिले और राजस्थान के अन्य थानों में दर्ज 50 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित रहा है। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और कई बार दबिश के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो चुका था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। अब पुलिस दर्ज मामलों की जांच करेगी।

Updated on:
24 Aug 2026 06:28 pm
Published on:
24 Aug 2026 06:28 pm