
Rajasthan : नए एयरपोर्ट टर्मिनल के उद्घाटन के बाद जोधपुर से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने की उम्मीद कर रहे यात्रियों को बड़ा झटका लगा है। एक सितंबर से एयर इंडिया की जोधपुर-दिल्ली और जोधपुर-मुम्बई उड़ान बंद हो जाएगी हालांकि इन्हीं रूटों पर एयर इंडिया एक्सप्रेस उड़ानों का संचालन संभालेगी। एयर इंडिया की जोधपुर से दिल्ली और मुंबई के लिए एक सितंबर से बुकिंग बंद हो गई है, वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस ने दिल्ली और मुम्बई रूट के लिए टिकट उपलब्ध कराने शुरू कर दिए है।
सबसे बड़ा बदलाव मुंबई की उड़ान के समय में होगा। अब जोधपुर से मुंबई के लिए शाम 5.35 बजे फ्लाइट रवाना होगी, जिससे दिनभर शहर में काम करने वाले यात्रियों को उसी शाम मुंबई पहुंचने का विकल्प मिलेगा। जोधपुर से एयर इंडिया एक्सप्रेस के अलावा इंडिगो की सेवाएं चालू रहेगी। वर्तमान में जोधपुर से 7 शहरों के लिए एयर कनेक्टविटी है। दिल्ली, मुम्बई के लिए इंडिगो की नोएडा, पुणे, बेंगलुरू, हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए फ्लाइट है।
एयर इंडिया की जोधपुर-मुंबई उड़ान दोपहर 1.25 बजे जोधपुर से रवाना होकर 3.10 बजे मुंबई पहुंचती थी। इसी तरह जोधपुर-दिल्ली उड़ान दोपहर 3.30 बजे रवाना होकर शाम 4.55 बजे दिल्ली पहुंचती थी। एक सितंबर से इनकी बुकिंग बंद हो गई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 4 जुलाई को राष्ट्र को समर्पित किए गए जोधपुर एयरपोर्ट के नवीन टर्मिनल भवन से 12 जुलाई से नियमित विमान सेवाओं का संचालन शुरू हो गया है। वर्ष 2014 की तुलना में अब जोधपुर एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या 10 गुना से अधिक बढ़ चुकी है। विमान परिचालन में भी लगभग दस गुना वृद्धि हुई है।
जोधपुर का नया एयरपोर्ट 480 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है। इसका नया टर्मिनल 37 एकड़ में तैयार किया गया है। यह पुराने एयरपोर्ट से 6 गुना बड़ा है। इस एयरपोर्ट में एंट्री गेट से फ्लाइट में डायरेक्ट एंट्री के लिए 6 एयरोब्रिज बनाए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें 20 चेक-इन काउंटर, 6 एरोब्रिज और आगमन के लिए 3 कन्वेयर बेल्ट बनाए गए हैं। इसके नए एप्रन क्षेत्र में एक साथ 11 एयरबस A321 और एक ATR-72 विमान खड़े करने की क्षमता है।