
जोधपुर। दिनभर उमस भी तपिश के बाद शाम को जोधपुर और आसपास के इलाकों में बारिश हुई। जोधपुर शहर में छितराई बारिश हुई। पावटा, रातानाडा और भीतरी इलाकों में जहां आधे घंटे तक हुई बरसात से सडक़ों पर पानी बहने लग गया। बाळा आ गया, वहीं चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, मंडोर और बासनी में केवल सामान्य बारिश ही हो सकी। मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर शुक्रवार को खत्म हो जाएगा और अगले 1 सप्ताह तक बारिश और तूफान के आसार नहीं हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक इस तरह का मौसम बना रहेगा हालांकि उमस परेशान करती रहेगी। अगले सप्ताह तापमान चालीस डिग्री के पास जाने से तेज गर्मी पड़ेगी। सूर्यनगरी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री मापा गया। सुबह हवा में 93 फीसदी आपेक्षिक आद्र्रता थी जिसकी वजह से मौसम सुहाना था लेकिन दिन चढ़ने के साथ वातावरण में उमस बढऩे लगी। दोपहर होते होते पारा 37.4 डिग्री पर आ गया।
उमस भरी तपिश ने लोगों को हलकान कर दिया। शाम पांच बजे के बाद मौसम में बदलाव होने लगा। आसमां में घने बादलों की आवाजाही शुरू हो गई और कुछ ही देर में राहत की बूंदें गिरने लगी। करीब आधे घंटे तक अच्छी खासी बारिश हुई हालांकि देर शाम फिर से उमस व्याप्त हो गई। जिले के कुछ ग्रामीण हिस्सों में भी बारिश हुई।