कानपुर

बंगाल-असम में BJP जीती तो कानपुर में जश्न, महापौर ने बजाया ढोल, बंटी झालमुड़ी

BJP Victory Celebration Kanpur: पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा की जीत पर कानपुर नगर निगम में जश्न मना। महापौर ने पार्षदों संग ढोल बजाया, पटाखे फोड़े और झालमुड़ी बांटी। “मोदी-मोदी” के नारों से गूंजा परिसर।
2 min read
May 04, 2026
Feature image

कानपुर,पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचंड जीत का असर कानपुर में भी दिखा। बुधवार को नगर निगम मुख्यालय में महापौर और भाजपा पार्षदों ने ढोल-नगाड़ों, पटाखों और झालमुड़ी के साथ जीत का जश्न मनाया। जैसे ही तीनों राज्यों में भाजपा की सरकार बनने के रुझान स्पष्ट हुए, कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह फैल गया।

सुबह से जुटे कार्यकर्ता, दोपहर तक बदला माहौल

नगर निगम परिसर में बुधवार सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। टीवी पर मतगणना के रुझान देखते हुए कार्यकर्ता हर सीट की बढ़त पर नारेबाजी कर रहे थे। दोपहर 12 बजे तक पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा के बहुमत के आंकड़े पार करते ही माहौल पूरी तरह उत्सव में बदल गया। महापौर खुद मुख्यालय पहुंचे और पार्षदों के साथ ढोल बजाकर जश्न की शुरुआत की। इस दौरान “भारत माता की जय” और “मोदी-मोदी” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

महापौर बोले- विकास और सुशासन की जीत

जश्न के बीच महापौर प्रमिला पांडे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी की यह ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है। यह जनादेश विकास, सुशासन और जनता के भरोसे की जीत है।” उन्होंने आगे कहा कि इन नतीजों से देशभर में विकास की गति और तेज होगी और भाजपा जनता की सेवा के संकल्प को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी।

जनता के विश्वास की जीत: महापौर

कार्यक्रम के समापन पर महापौर ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि तीन राज्यों की जनता ने भाजपा पर जो भरोसा जताया है, पार्टी उसे सेवा और विकास के कामों से निभाएगी। यह जीत कार्यकर्ताओं के समर्पण और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है।

झालमुड़ी-मिठाई बांटी, पोस्टरों से सजा परिसर

नगर निगम मुख्यालय को भाजपा के झंडों, बैनरों और प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री के पोस्टरों से सजाया गया था। ढोल की थाप पर कार्यकर्ता जमकर झूमे। इस दौरान झालमुड़ी और लड्डू बांटकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया गया। पटाखे फोड़कर भी खुशी जाहिर की गई।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भाजपा उत्तर अनिल दीक्षित, जिलाध्यक्ष दक्षिण शिवराम सिंह, पार्षद पवन पाण्डेय, आनन्द शुक्ला, राम नरायन, सौरभ देव, योगेन्द्र शर्मा, आकर्ष बाजपेयी, नीरज कुरील, रमेश हटी समेत कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को जीत की बधाई दी।