कानपुर

Kanpur News:जेल की सलाखों के बीच छलका भाई-बहन का स्नेह, तिलक लगाते ही नम हुईं आंखें

Bhai Dooj Jail Celebration:भाईदूज पर कानपुर देहात जिला कारागार में भावुक दृश्य देखने को मिला। सख्त सुरक्षा के बीच बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर लंबी उम्र की कामना की। विशेष इंतजामों के साथ मुलाकातें कराई गईं, नियमों के तहत मिठाई-फल सौंपे गए। दिनभर मुलाकातों का सिलसिला जारी रहा।
less than 1 minute read
Mar 05, 2026
Feature image

कानपुर देहात। सख्त सुरक्षा और ऊंची दीवारों के लिए पहचाने जाने वाले जिला कारागार का माहौल गुरुवार को पूरी तरह बदला नजर आया। अवसर था भाईदूज का। सुबह की पहली किरण के साथ ही जेल गेट के बाहर बहनों की लंबी कतार लग गई। किसी के हाथ में मिठाई का डिब्बा था तो किसी की थाली में रोली, चावल और दीपक सजा था। चेहरे पर उत्साह और आंखों में अपनों से मिलने की बेताबी साफ झलक रही थी।

किए गए थे विशेष इंतजाम -

कानपुर देहात कारागार प्रशासन ने पर्व को देखते हुए विशेष इंतजाम किए थे। सुरक्षा जांच के बाद बहनों को क्रमवार भीतर भेजा गया। अतिरिक्त पुलिस बल और जेल कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई, ताकि व्यवस्था बनी रहे। मुलाकात कक्ष को भी साफ-सुथरा कर विशेष रूप से सजाया गया था।जैसे ही बहनें अपने भाइयों के सामने पहुंचीं, माहौल भावुक हो उठा। कई बहनों की आंखें भर आईं। सलाखों के बीच बैठकर उन्होंने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी लंबी उम्र व सुखद भविष्य की कामना की। भाइयों ने भी बहनों का हालचाल पूछा और जल्द घर लौटने का भरोसा दिलाया। कुछ कैदी भाइयों ने बहनों से पढ़ाई या परिवार की जिम्मेदारियों पर ध्यान देने की नसीहत भी दी।

नियमों के तहत लाई गई मिठाई -

नियमों के तहत लाई गई मिठाई और फल जांच के बाद सौंपे गए। प्रशासन के मुताबिक, भाईदूज पर सामान्य दिनों की तुलना में अधिक संख्या में मुलाकाती पहुंचे। हर बहन को निर्धारित समय तक अपने भाई से मिलने का अवसर दिया गया। दिनभर जेल परिसर में बहनों का भाइयों से मुलाकात करने का आना जाना लगा रहा।

Updated on:
06 Mar 2026 01:31 pm
Published on:
05 Mar 2026 05:40 pm