22 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Kanpur News:जानिए कब से बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज धूप के साथ बढ़ेगी गर्मी

Weather Update Kanpur:कानपुर मंडल सहित मध्य उत्तर प्रदेश में शुक्रवार से तेज धूप और तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं। हवाओं की गति कम रहने से गर्मी बढ़ेगी। अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है, किसानों को खेतों में नमी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
2 min read
Google source verification

कानपुर। होली के बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शुक्रवार से कानपुर मंडल सहित मध्य उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में सुबह से ही तेज धूप निकलने की संभावना है। दिन चढ़ने के साथ धूप और तीखी महसूस हो सकती है, जिससे लोगों को हल्की गर्मी का एहसास होने लगेगा। हालांकि कुछ स्थानों पर आसमान में बादलों की आवाजाही भी देखी जा सकती है, लेकिन इससे मौसम पर ज्यादा असर पड़ने की संभावना नहीं है।

हवाओं की गति फिलहाल रहेगी कम -

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय के अनुसार उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति फिलहाल काफी कम रहने वाली है। हवाओं की रफ्तार लगभग एक से पांच किलोमीटर प्रति घंटे तक ही रहने की संभावना है। दोपहर के समय यह गति थोड़ी बढ़ सकती है, लेकिन कुल मिलाकर हवा की चाल धीमी रहने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। हवाओं की रफ्तार कम होने के कारण वातावरण में गर्माहट बढ़ेगी और आने वाले दिनों में गर्मी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगेगी।

क्रमिक रूप से रिकॉर्ड की जाएगी वृद्धि -

विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन के तापमान में क्रमिक रूप से वृद्धि रिकॉर्ड की जाएगी। इसके साथ ही रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इससे दिन और रात दोनों समय हल्की गर्मी महसूस की जा सकती है। मौसम के इस बदलाव के चलते लोगों को दोपहर के समय धूप से बचाव की सलाह दी जा रही है। वही कृषि क्षेत्र के लिए भी मौसम को लेकर सलाह जारी की गई है। किसानों से कहा गया है कि खेतों में नमी बनाए रखें, क्योंकि बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है। अगले तीन दिनों तक क्षेत्र में बारिश होने के कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं, ऐसे में सिंचाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होगी।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मार्च के शुरुआती दिनों में ही तापमान बढ़ने का यह सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है। यदि हवाओं की गति इसी तरह कम रही तो आने वाले सप्ताह में गर्मी और बढ़ सकती है। ऐसे में लोगों को दिन के समय धूप से बचाव और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।