20 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

किसानों को फटकार कृषि कार्यालय से निकाला बाहर, बंद कर दी शटर

सिवनी. कृषि कार्यालय से मूंगफली बीज वितरण की खबर पाकर बुधवार को बड़ी संख्या में किसान कृषि उप संचालक कार्यालय के पीछे स्थित वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय विकासखंड सिवनी पहुंचे थे। कार्यालय में मूंगफली बीज का स्टॉक भी रखा हुआ था, लेकिन यहां मौजूद स्टॉफ ने किसानों को बीज वितरण नहीं किया। बल्कि किसानों […]

2 min read
Google source verification
किसानों को फटकारते दफ्तर से बाहर निकालते कृषि कर्मी।

किसानों को फटकारते दफ्तर से बाहर निकालते कृषि कर्मी।

सिवनी. कृषि कार्यालय से मूंगफली बीज वितरण की खबर पाकर बुधवार को बड़ी संख्या में किसान कृषि उप संचालक कार्यालय के पीछे स्थित वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय विकासखंड सिवनी पहुंचे थे। कार्यालय में मूंगफली बीज का स्टॉक भी रखा हुआ था, लेकिन यहां मौजूद स्टॉफ ने किसानों को बीज वितरण नहीं किया। बल्कि किसानों पर ही गुस्सा दिखाते हुए कार्यालय से बाहर निकालकर शटर बंद कर दी गई। ऐसे व्यवहार को झेलने के बाद भी किसान कृषि अधिकारी और कर्मचारियों को आवेदन लेने, बीज वितरण करने की मिन्नत करते दिखाई दिए, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।
जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन तिलहन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत ग्रीष्मकालीन फसल मूंगफली, तिल प्रगणित बीज वितरण हो रहा है। इसके लिए किसानों से सत्यापन का आवेदन लिया जा रहा है। आवेदन का सत्यापन होने के बाद किसान को प्रति एकड़ 30 किलो मूंगफली बीज की बोरी नि:शुल्क प्रदान की जाती है। उन्नत तकनीक का इस्तेमाल करके किसानों में तिलहन खेती को बढ़ावा देने, उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के लिए बीज नि:शुल्क प्रदान किया जा रहा है। नि:शुल्क बीज मिलने की उम्मीद से किसान बड़ी संख्या में कृषि अधिकारी के कार्यालय पहुंच रहे हैं।
पहले बांटा बीज, अब लौटा रहे हैं अधिकारी
किसानों का कहना है कि कृषि अधिकारी के कार्यालय में पहले से आवेदन देकर बीज मिलने का इंतजार कर रहे थे। एक दिन पूर्व मंगलवार को जो किसान आए थे, उनकी पात्रता का सत्यापन हो चुका था, लेकिन इनको एक दिन पहहले इंतजार के बाद भी बीज नहीं मिला था। कह दिया गया था कि कल आना। बुधवार को भी जब कृषि अधिकारी के कार्यालय पहुंचे तो कहने लगे कि यहां से अब कोई बीज वितरण नहीं होगा, ग्राम सेवक के माध्यम से गांव में ही बीज मिलेगा। ऐसा कहकर अन्य सभी किसानों को लौटाया जाने लगा, जिससे किसान भडक़ गए। किसानों का कहना था कि जब स्टॉक रखा है, तो वितरण क्यों नहीं किया जा रहा है, किसानों को परेशान क्यों किया जा रहा है। जबकि कृषि कर्मचारियों का कहना था कि कृषि उप संचालक ने यहां से वितरण करने से रोक दिया है। इसलिए किसी को बीज नहीं मिलेगा, ऐसा कहते हुए किसानों को बाहर निकालते हुए शटर लगा दी गई। जबकि कार्यालय के बाहर किसान बीज मिलने की उम्मीद से काफी देर तक इंतजार करते रहे।

इनका कहना है -
मैंने किसी को मूंगफली बीज वितरण करने से नहीं रोका है। बीज केवल उन किसानों को बांटा जाना है, जिनकी सिंचित कृषि है। ग्राम सेवक ने जिन किसानों को चयनित किया है, उनकी कृषि मेपर में लोकेशन एड की जाएगी, जब वो मूंगफली ले जाएंगे, तो टेग सुरक्षित रखना होगा। ग्राम सेवक ही लोकेशन के अनुसार कृषि मेपर में जानकारी भरेंगे, इसलिए किसानों को यहां से बीज वितरण नहीं किया जा रहा है।
एसके धुर्वे उप संचालक, कृषि विकास विभाग सिवनी

इनका कहना है -

मार्च का महीना आ रहा है, हमारे पास दूसरे भी काम है। यही करते रहेंगे तो दूसरे काम नहीं हो पाएंगे। इसलिए ग्राम सेवकों के माध्यम से मूंगफली बीज वितरण की व्यवस्था बनाई है। पात्र किसानों को एक एकड़ पर 30 किलो मंूगफली बजी की बोरी नि:शुल्क दे रहे हैं। कुछ किसानों को कार्यालय से बीज वितरण हुआ, तो जानकारी पाकर बहुत से किसान यहीं आ गए। जबकि ग्राम सेवक के माध्यम से बीज वितरण की व्यवस्था बनाई है, इसलिए उन किसानों को लौटाया गया था।
जगदीश नागेश, एसएडीओ सिवनी

#BGT2025में अब तक