कानपुर

Kanpur News:एक वार और खत्म हो गई गैंगस्टर खूटी की कहानी, खून से लथपथ ऑटो में मिला शव

Zahid Khuti Murder:कानपुर में गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीटर जाहिद उर्फ खूटी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वह खून से लथपथ हालत में ऑटो से अस्पताल पहुंचा, लेकिन इलाज से पहले मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही और हत्या छिपाने का आरोप लगाया।

2 min read
Jun 01, 2026
गैंगस्टर जाहिद उर्फ खूटी

Kanpur Gangster Murder: कानपुर शहर में उस समय सनसनी फैल गई, जब कई थानों में दर्ज गंभीर मुकदमों का आरोपी गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीटर जाहिद उर्फ खूटी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। जाहिद टाटमिल स्थित कृष्णा अस्पताल के पास अपने ऑटो में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। पुलिस जांच में सामने आया है कि उस पर कहीं और हमला किया गया था और गंभीर हालत में वह खुद ऑटो चलाकर अस्पताल तक पहुंचा था।

ये भी पढ़ें

शुभेंदु अधिकारी पर शंकराचार्य का तीखा वार, गाय को माता कहकर 14 साल बाद काटने की नीति पर उठाए बड़े सवाल

धारदार हथियार से सिर पर किया गया हमला

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक जाहिद के सिर के बाईं ओर धारदार हथियार से एक गहरा वार किया गया था। डॉक्टरों का कहना है कि अत्यधिक खून बहने और कोमा में जाने की वजह से उसकी मौत हुई। रिपोर्ट में शरीर पर सिर्फ एक गंभीर चोट पाई गई है, जिससे माना जा रहा है कि हमलावर ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

19 मुकदमों में नामजद था जाहिद

ग्वालटोली के मकबरा इलाके का रहने वाला जाहिद उर्फ खूटी हाल में उन्नाव के शुक्लागंज स्थित बिंदानगर में रह रहा था। उसके खिलाफ कानपुर के ग्वालटोली, बेकनगंज, बादशाहीनाका, चमनगंज, कर्नलगंज, कोहना, कोतवाली और चकेरी समेत कई थानों में चोरी, लूट, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के कुल 19 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने उसका हिस्ट्रीशीट नंबर 63 ए भी खोला हुआ था।

पांच महीने पहले शुरू किया था ऑटो चलाना

परिवार के अनुसार जाहिद ने करीब पांच महीने पहले किस्तों पर ऑटो लिया था और शुक्लागंज से घंटाघर रूट पर ऑटो चलाता था। शनिवार दोपहर वह रोज की तरह घर से निकला था। देर रात छोटे भाई बाबू ने फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। कुछ देर बाद पुलिसकर्मी ने फोन कर बताया कि जाहिद घायल अवस्था में कृष्णा अस्पताल के पास मिला है।

परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

जाहिद के भाई नदीम, अदनान और बहन फराह ने आरोप लगाया कि पुलिस काफी देर तक मौके पर खड़ी वीडियो बनाती रही और उनका भाई तड़पता रहा। परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते उसे अस्पताल पहुंचा दिया जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस घटना को सड़क हादसा बताने की कोशिश करती रही, जबकि ऑटो पर खरोंच तक नहीं थी।

पुलिस बोली- तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

घटना के बाद परिजनों ने रेलबाजार थाने में हंगामा किया।वही पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता और एडीसीपी शिवा सिंह ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और कार्यवाही का आश्वासन दिया।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि रेलबाजार क्षेत्र में यूपी-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति कृष्णा हॉस्पीटल के पास अचेत अवस्था में है। सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा उक्त व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान जाहिद निवासी ग्वालटोली उम्र लगभग 35 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस द्वारा पंचायतनामा एवं पोस्टमॉर्टम की कार्यवाही कराई गई है। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका व्यक्त की गई है। परिजनो से तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। वही पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक जाहिद के सिर के बाईं ओर धारदार हथियार से एक गहरा वार किया गया था।इस को ध्यान में रखते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

ये भी पढ़ें

Kanpur Police Video Viral: पुलिसकर्मियों ने आइसक्रीम और गोलगप्पा खाने के बाद नहीं दिए पैसे, वीडियो वायरल होने पर गिरी गाज
Published on:
01 Jun 2026 12:14 pm
Also Read
View All