कानपुर

Kanpur News: पत्नी से फोन पर विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

Kanpur suicide:कानपुर में पत्नी से फोन पर विवाद के बाद 32 वर्षीय गोलू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी मायके गई थी। देर रात दोस्त के पहुंचने पर शव पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की है।

2 min read
Apr 26, 2026
Feature image
सांकेतिक फोटो

कानपुर के गोविंद नगर थाना क्षेत्र के राम आसरे नगर में शनिवार देर रात एक युवक ने पत्नी से फोन पर हुए विवाद के बाद आत्महत्या कर ली। मृतक का शव कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

मृतक की पहचान 32 वर्षीय गोलू गुप्ता के रूप में हुई है। गोलू पेशे से फेरीवाला था और नमकीन बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह राम आसरे नगर स्थित एक किराए के कमरे में रहता था। उसके परिवार में मां प्रमिला, पत्नी वंदना और दो छोटे बच्चे लाडो व आरव हैं।

शादी के लिए मायके गई थी पत्नी

परिजनों के मुताबिक, गोलू की पत्नी वंदना अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए दो दिन पहले आजमगढ़ स्थित अपने मायके गई थी। भाई की शादी पांच मई को तय है। इसी दौरान शनिवार को फोन पर गोलू और वंदना के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद के बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी।

दोस्त के पहुंचने पर खुला राज

गोलू के साथी हरीशचंद्र ने पुलिस को बताया कि शनिवार देर रात तक गोलू का फोन नहीं उठ रहा था। बार-बार कॉल करने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसे अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद वह रात करीब 11 बजे गोलू के कमरे पर पहुंचा। वहां कमरा अंदर से बंद था।

हरीशचंद्र ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। संदेह होने पर उसने खिड़की से झांककर देखा तो अंदर का नजारा देख उसके होश उड़ गए। गोलू का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। उसने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और पुलिस व परिजनों को सूचना दी।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही गोविंद नगर थाना पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद के बाद आत्महत्या का लग रहा है। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। पत्नी वंदना और अन्य परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Updated on:
26 Apr 2026 11:53 pm
Published on:
26 Apr 2026 05:08 pm