
Kanpur Dowry Case: कानपुर के कल्याणपुर में रहने वाली विवाहिता की मां ने ससुरालियों पर थार गाड़ी और 100 वर्ग गज के प्लाट की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित करने, गला दबाकर हत्या की कोशिश करने और जान से मारने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर कल्याणपुर पुलिस ने पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार विवाहिता की शादी 16 अप्रैल 2025 को हुई थी। इससे पहले दो फरवरी को सगाई हुई थी, जिसमें करीब एक लाख रुपये खर्च किए गए और रुकाई के नाम पर पांच लाख रुपये नकद दिए गए। आरोप है कि शादी से पहले ही अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू हो गई थी और मांग पूरी नहीं होने पर बरात नहीं लाने की बात कही गई। विवाहिता के मायके वालों ने परिवार के कपड़ों के लिए 20 हजार रुपये नकद, 30 हजार रुपये गूगल-पे से और पांच लाख रुपये का चेक दिया। शादी में चार सोने की अंगूठियां, दो चेन, ब्रेसलेट और घरेलू जरूरत का सामान भी दिया गया। आरोप है कि विदाई के बाद अन्य सामान के लिए 10 लाख रुपये नकद और थार गाड़ी के लिए पांच लाख रुपये का चेक भी दिया गया।
आरोप है कि शादी के करीब दो महीने बाद से विवाहिता को कम दहेज लाने और थार गाड़ी नहीं मिलने का ताना दिया जाने लगा। पति उस पर मायके से 100 वर्ग गज का प्लाट दिलाने का दबाव भी बनाता था। विरोध करने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। पति की ओर से पर्याप्त जेब खर्च नहीं दिए जाने का भी आरोप है। बाद में मायके वालों के प्रयास से विवाहिता की नौकरी लगवाई गई।
तहरीर के मुताबिक 17 अप्रैल 2026 की शाम विवाहिता के कार्यालय से लौटने पर ससुरालियों ने उसे कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि उसके साथ गालीगलौज की गई और गला दबाकर हत्या की कोशिश की गई। विवाहिता ने 112 पर सूचना दी और पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत की। हालांकि उस समय परिवार के लोगों के समझाने पर मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया और वह कुछ दिन मायके में रही।
विवाहिता का आरोप है कि 23 जून को उसने पति और दोनों ननदों को आपस में कार नहीं मिलने पर उसका ‘काम तमाम’ करने की बात करते सुना। इससे वह डर गई और अगले दिन अपनी मां को इसकी जानकारी दी। मां ने उसे कुछ दिन मायके में रहने की सलाह दी।
25 जून को विवाहिता ससुराल पहुंची तो घर पर ताला लगा मिला। पड़ोसियों ने बताया कि ससुरालीजन 24 जून को लोडर में सामान भरकर चले गए हैं। बाद में पता चला कि सामान मंधना के एक मकान में उतारा गया था, लेकिन आरोपी वहां से भी सामान लेकर निकल चुके थे। वही पूरे मामले को लेकर एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, अतिरिक्त दहेज और संपत्ति की मांग, हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रही है।