
Kanpur Police Encounter:कानपुर के कल्याणपुर के गौतम बुद्ध चौराहे के पास लिफ्ट देने के बहाने अधिवक्ता की मां के कान से सोने का बाला नोंचकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बिठूर रोड स्थित सरकारी अस्पताल के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सीएचसी कल्याणपुर में भर्ती कराया।
पुलिस के मुताबिक राजकीय उन्नयन बस्ती निवासी अधिवक्ता प्रेम कुमार की मां संतोष कुमारी इंदिरा नगर में निर्माण कार्य करा रही हैं। मंगलवार को काम खत्म करने के बाद वह पैदल घर लौट रही थीं। रास्ते में बाइक सवार युवक ने उन्हें घर छोड़ने की बात कही। भरोसा कर महिला उसकी बाइक पर बैठ गईं।गौतम बुद्ध चौराहे के पास पहुंचने पर युवक ने बाइक रोक दी। महिला के नीचे उतरते ही आरोपी ने उनके कान से सोने का बाला नोंच लिया और बाइक लेकर भाग गया। संतोष कुमारी ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया। घर पहुंचकर उन्होंने बेटे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक कैमरे में आरोपी बाइक से जाते हुए दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस उसकी पहचान और तलाश में जुटी थी। इसी बीच शुक्रवार को बिठूर रोड स्थित सरकारी अस्पताल के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को बाइक सवार संदिग्ध नजर आया।पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो आरोपी भागने लगा और पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और इलाज के लिए सीएचसी कल्याणपुर भेजा।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कोहना निवासी इमरान उर्फ राजा (22) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से महिला से लूटा गया सोने का बाला, वारदात में इस्तेमाल बाइक और 315 बोर का तमंचा बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लूटा गया बाला बेचने के लिए सुनार के पास जा रहा था।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने बरामद तमंचे, बाइक और सोने के बाले को कब्जे में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।