कानपुर

Kanpur News:होली की खुशियां मातम में बदलीं, नाली में मिला सब्जी विक्रेता का शव

Kanpur Incident:सचेंडी के चकरपुर गांव में होली की रात 36 वर्षीय सब्जी विक्रेता नशे में घर लौटते समय नाली में औंधे मुंह पड़े मिले।परिजन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

less than 1 minute read
Mar 05, 2026
Feature image

कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र के चकरपुर गांव में होली की रात शराब के नशे में घर लौट रहे 36 वर्षीय सब्जी विक्रेता रामसगुन पाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह देर रात घर के बाहर नाली में औंधे मुंह पड़े मिले। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

चकरपुर निवासी रामसगुन पाल होली के दिन बाजार से लौटे थे। परिजनों के अनुसार, वह पिछले कुछ दिनों से अत्यधिक शराब का सेवन कर रहे थे। गुरुवार देर रात करीब एक बजे मोहल्ले के लोगों ने उन्हें घर के बाहर नाली में औंधे मुंह पड़ा देखा। काफी देर तक कोई हरकत न होने पर पड़ोसियों ने उनके बड़े भाई रामनयन पाल को सूचना दी। आनन-फानन में परिजन उन्हें लाला लाजपत राय अस्पताल (हैलट) लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि करीब दस दिन पहले उनकी पत्नी मनोरमा तीन बच्चों के साथ मायके चली गई थीं। इसके बाद से वह घर में अकेले रह रहे थे और शराब का अधिक सेवन करने लगे थे। परिवार में उनकी असमय मौत से कोहराम मचा है। तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वही पूरे मामले को लेकर थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नशे की हालत में नाली में गिरने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
06 Mar 2026 01:24 pm
Published on:
05 Mar 2026 09:27 pm