Kanpur Traffic Diversion: नवरात्र के दौरान बारादेवी मंदिर के पास ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। 31 मार्च तक कई मार्गों पर बदलाव रहेगा। भीड़ और जाम से बचने के लिए श्रद्धालुओं को वैकल्पिक रूट अपनाने की सलाह दी गई है।
Kanpur Navratri Traffic Alert:नवरात्र की शुरुआत के साथ ही कानपुर में आस्था का ज्वार चढ़ने लगा है, और कल से भीड़ का दबाव अचानक बढ़ने के आसार हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने पहले ही मोर्चा संभाल लिया है। खासकर बारादेवी मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर जबरदस्त तैयारी की गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हर चौराहे पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू कर दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच शहर की रफ्तार थमे नहीं। पुलिस का फोकस साफ है—भक्तों को बिना परेशानी दर्शन मिले और जाम से शहर को राहत भी।
ट्रैफिक विभाग के अनुसार, नवरात्र मेले के दौरान बारादेवी क्षेत्र में विशेष डायवर्जन लागू किया गया है, जिसके तहत कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। बारादेवी चौराहे से गोशाला की ओर जाने वाले सभी वाहनों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इस दिशा में जाने वाले वाहन चालकों को साइट नंबर एक के रास्ते होकर भेजा जाएगा। वहीं, गोशाला चौराहे से बारादेवी की ओर आने वाले वाहनों को भी प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में सोंटे वाले बाबा हनुमान मंदिर या किदवईनगर थाने के रास्ते होकर अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा, ताकि जाम की स्थिति न बने।
डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार के मुताबिक, बारादेवी मंदिर मुख्य मार्ग पर होने की वजह से यहां सामान्य दिनों में भी वाहनों का दबाव रहता है, लेकिन नवरात्र में यह कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में जाम की समस्या बड़ी चुनौती बन जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार पहले से ही विस्तृत और सख्त ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। बारादेवी समेत शहर के सभी प्रमुख दुर्गा मंदिरों के आसपास अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल तैनात किया गया है। हर प्रमुख चौराहे पर निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि भीड़ के बीच यातायात सुचारू बना रहे और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि यदि लोग तय किए गए रूट का पालन करेंगे, तो न केवल जाम की समस्या से राहत मिलेगी बल्कि सभी श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन का अवसर भी मिल सकेगा। पुलिस ने खासतौर पर भीड़भाड़ वाले इलाकों में निजी वाहनों के उपयोग से बचने की सलाह दी है। इसके बजाय सार्वजनिक परिवहन या साझा साधनों का उपयोग करने को कहा गया है, ताकि यातायात का दबाव कम रहे और व्यवस्था सुचारू बनी रहे। प्रशासन का उद्देश्य सभी के लिए सुरक्षित और सहज यात्रा सुनिश्चित करना है।