कानपुर

Kanpur News:एक रात, दो घरों में मातम, बीमारी और बेबसी से टूटी सांसें

Kanpur suicide case: बीमारी और तनाव से जूझ रहे दो लोगों ने अलग-अलग इलाकों में फांसी लगाकर जान दे दी, पीछे छूटे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस जांच शुरू कर दी हैं।
2 min read
Mar 17, 2026
Feature image

कानपुर। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सोमवार देर रात दो लोगों ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और इलाके में भी शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

बीमारी से जूझ रहे सेवानिवृत्त कर्मी ने दी जान

हनुमंत विहार थानाक्षेत्र के खाड़ेपुर निवासी योगेंद्र कुमार पांडेय (66) ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह राजस्व विभाग से सेवानिवृत्त थे। परिवार में पत्नी कल्पना, दो बेटे सत्यम और सिद्धार्थ हैं। परिजनों के मुताबिक योगेंद्र लंबे समय से बीपी, मधुमेह और हृदय रोग से पीड़ित थे, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान और अवसाद में रहने लगे थे।सोमवार रात उन्होंने परिवार के साथ भोजन किया और कमरे में सोने चले गए। मंगलवार सुबह जब परिजन उठे तो उनका शव फंदे से लटका मिला। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बीमारी के चलते आत्महत्या की बात सामने आई है।

फर्नीचर कारीगर ने निर्माणाधीन साइट पर उठाया कदम

वहीं रावतपुर थानाक्षेत्र के थारू बस्ती निवासी आशीष कुमार उर्फ संपतलाल (36) ने मसवानपुर स्थित एक निर्माणाधीन भवन में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह पेशे से फर्नीचर पॉलिश का काम करता था और परिवार का मुख्य सहारा था। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी पूजा और बच्चों सेजल, मुस्कान व सूजल का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक आत्महत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

दोनों मामलों में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, घटनाओं के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और साक्ष्य जुटाने में लगी है। दोनों ही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Updated on:
18 Mar 2026 01:30 pm
Published on:
17 Mar 2026 06:24 pm