
कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एसपीएम मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में रोडवेज बस से उतरते समय एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बस से उतरते वक्त उनका पैर फिसल गया और वह बस के पिछले टायर की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक और परिचालक बस छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस को किनारे लगवाकर यातायात सुचारू कराया और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास शुरू किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, रोडवेज बस एसपीएम मेट्रो स्टेशन के पास सड़क के बीच में ही रुक गई थी। इसी दौरान एक बुजुर्ग यात्री बस से उतर रहे थे। उतरते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और उनका पैर फिसल गया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। तभी चालक ने बस आगे बढ़ा दी और बस का पिछला टायर बुजुर्ग के सिर के ऊपर से गुजर गया। इससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं चालक और परिचालक बस छोड़कर मौके से भाग निकले। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को सड़क किनारे खड़ा कराया और यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
वही पुलिस को मौके से बुजुर्ग के पास एक बैग बरामद हुआ, जिसमें एक डायरी मिली है। डायरी में श्री कृष्णा यादव नाम के साथ फर्रुखाबाद का पता दर्ज है। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने फर्रुखाबाद पुलिस से संपर्क साधा है, ताकि शव की शिनाख्त कराई जा सके। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि बुजुर्ग यहीं उतरते हुए देखे गए थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह आसपास के इलाके के ही रहने वाले हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
कल्याणपुर इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। मृतक की शिनाख्त कराने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और आसपास के जिलों से भी संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं घटना के बाद से फरार बस चालक और परिचालक की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
Updated on:
18 Mar 2026 01:17 pm
Published on:
17 Mar 2026 09:04 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
