
कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में रेउना थाना अंतर्गत कानपुर देहात बॉर्डर के पास गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पैदल मुगलरोड पार कर रहे 30 वर्षीय युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र स्थित चांदपुर गांव निवासी राकेश कुमार (30) के रूप में हुई है। राकेश किसी निजी कार्य से गुरुवार शाम जनपद सीमा पर आया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम करीब 8 बजे वह शाखा जनवारा के पास मूसानगर की ओर जाने के लिए पैदल ही मुगलरोड पार कर रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
टक्कर लगने से राकेश सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया। राहगीरों ने युवक को सड़क पर पड़ा देख तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना पर पहुंची रेउना थाना पुलिस घायल को सीएचसी घाटमपुर लेकर गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने जांच के बाद राकेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
रेउना थाना प्रभारी अनुज राजपूत ने बताया कि घटनास्थल दोनों जनपदों की सीमा पर स्थित है। प्रथम दृष्टया पता चला है कि मृतक राकेश किसी काम से बॉर्डर पर आया था। सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और टोल प्लाजा से भी वाहनों की जानकारी जुटाई जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने शुक्रवार सुबह पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
Published on:
01 May 2026 01:39 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
