
सीसीटीवी में कार से बेग निकालता दिखा अज्ञात युवक।
सिवनी. बरघाट नगर में थाना के नजदीक बस स्टैण्ड क्षेत्र के ज्वेलरी शॉप के सामने खड़ी कार से चोर लाखों का सोना-चांदी जेवरात और नकदी लेकर भाग गए। घटना के 24 घंटे से ज्यादा बीतने के बाद भी पुलिस चोरों को पकडऩा तो दूर सुराग तक नहीं लगा पाई है। चर्चा है कि आभूषण व्यापारी का 20 लाख रुपए से ज्यादा के जेवरात और नकदी की चोरी हुई है। इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि सराफा कारोबारी प्रार्थी अंशुल महाजन (24) निवासी बरघाट ने अपने साथ हुई घटना की रिपोर्ट दर्ज कराया है। जिसके मुताबिक बस स्टैण्ड बरघाट क्षेत्र स्थित ज्वेलरी शॉप को शनिवार रात 8.30 बजे बंद करते हुए उसने दुकान में रखे सोने-चांदी के जेवरात दो बेग में भरकर कार में रखा था। वह दुकान में ताला लगाने गए थे, इसी दौरान अज्ञात चोर ने कार का गेट खोलकर दोनों बेग उठा ले गया। जब अंशुल कार तक पहुंचे, तो देखा गेट खुला है और उसमें रखे दोनों बेग गायब हैं। तुरंत उन्होंने शोर मचाकर चोरी के बारे में लोगों को बताया।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को देखने पर पता चला, कि दो युवक आसपास ही घूम रहे थे, जिसमें से एक युवक जो सफेद शर्ट पहने हुए था, उसने कार का गेट खोला और फिल्मी स्टाइल में बेग लेकर तेजी से चला गया। उसने आगे बढकऱ एक युवक जो बाइक पर सवार था, उस पर बैठकर आगे चला गया। सीसीटीवी की फुटेज में अज्ञात चोर को बालाघाट मार्ग की ओर जाते देखा गया है।
पुलिस ने मंगवाए जेवरात के कागजात
सराफा कारोबारी के बेग में 25 किलो चांदी व 30 तोला सोना के जेवरात व दो लाख रुपए नकदी होने की चर्चा है, लेकिन बरघाट पुलिस ने फिलहाल मामला सोना-चांदी और नकदी की चोरी का कायम करते हुए कारोबारी अंशुल महाजन से चोरी हुए माल के कागजात मंगवाए हैं। जितने माल की चोरी के दस्तावेज पुलिस को उपलब्ध कराएगा, उतनी रकम की चोरी होना तय माना जाएगा। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में जांच में जुटी है, लेकिन दूसरे दिन देर शाम तक पुलिस कोई अहम सुराग नहीं जुटा पाई है।
घंसौर की वारदात का भी नहीं हुआ खुलासा
जिले में सराफा कारोबारियों और आमजनों को झांसा देकर लूट, चोरी, ठगी की वारदात कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी जिले के अलग-अलग हिस्सों से वारदात सामने आती रही हैं। घंसौर क्षेत्र में बीते महीने में दो महिलाओं ने सराफा कारोबारी से सोने के जेवरात चोरी कर ले गई थीं। उस मामले में पुलिस ने कटनी तक उनको तलाश आई, लेकिन आरोपी महिलाएं गिरफ्तार नहीं हो पाईं।
Updated on:
06 Apr 2026 06:34 pm
Published on:
06 Apr 2026 06:34 pm
बड़ी खबरें
View Allसिवनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
